Watch: 9 साल बाद रणजी में मिला पहला विकेट तो मैदान चूमने लगे श्रीसंत, वायरल हुआ वीडियो
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन की नीलामी के दौरान भले ही इस खिलाड़ी पर किसी टीम ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया हो, लेकिन घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से तेज गेंदबाज श्रीसंत लगातार लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। 9 साल बाद रणजी ट्रॉफी में केरल की टीम से खेल रहे एस श्रीसंत ने लंबे समय बाद अपना पहला फर्स्ट क्लास विकेट चटकाया और विकेट चटकाने के बाद उनके रिएक्शन ने सोशल मीडिया पर फैन्स का दिल जीत लिया है। एस श्रीसंत ने मेघालय के खिलाफ खेले गये मैच की पहली पारी में 11.5 ओवर्स की गेंदबाजी की और 2 विकेट चटकाये तो वहीं पर दूसरी पारी में कोई विकेट नहीं आया।

39 वर्षीय केरल के इस गेंदबाजी ने मेघालय के खिलाफ इस मैच में आर्यन बोरा को अपना पहला शिकार बनाया, जिसके तुरंत बाद वो पिच पर लेटकर उसे प्रणाम करते नजर आये। इतना ही नहीं विकेट लेने की खुशी में वो पिच पर लेटकर उसे चूमते हुए नजर आये। उल्लेखनीय है कि श्रीसंत के लिये पिछले 9 सालों में यह पहला फर्स्ट क्लास क्रिकेट का विकेट है, जिसे हासिल करने के बाद वो खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं।

पहले विकेट को लेकर जानें क्या बोले श्रीसंत
वहीं विकेट चटकाने के इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए श्रीसंत ने लिखा,'पिछले 9 सालों में यह मेरा पहला विकेट है। भगवान की कृपा से जब यह विकेट मिला तो मैं बहुत ज्यादा खुश हो गया था और इस विकेट को लेकर पिच को प्रणाम करने लगा था।' श्रीसंत ने अपने इस वीडियो में केरला क्रिकेट और बीसीसीआई को भी हैशटैग में जोड़ा है और बताया है कि यह विकेट उनके लिये कितना मायने रखता है।
सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है वीडियो
मेघालय के खिलाफ खेले गये इस मैच में केरल की टीम ने एक पारी और 166 रनों से मैच को आसानी से जीत लिया, जिसमें पून्नन राहुल (147) और रोहन कुन्नुम्मल (107) ने शतकीय पारियां खेली। वहीं गेंदबाजी में बासिल थम्पी (4 विकेट) और जलज सक्सेना (3 विकेट) के दम पर मेघालय की टीम को दूसरी पारी में 191 रन पर समेट दिया। इस दौरान श्रीसंत के खाते में भी 2 विकेट आये। लंबे समय बाद विकेट चटकाने के बाद श्रीसंत का यह रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

श्रीसंत बोले- कभी हार नहीं मानूंगा
श्रीसंत ने एक अन्य ट्वीट में नई बॉल से अपनी गेंदबाजी की अपनी एक क्लिप शेयर करते हुए लिखा कि उनमें अभी बहुत क्रिकेट बाकी है और वो भारत के लिये वापसी करने के अपने सपने को नहीं छोड़ने वाले हैं। उन्होंने लिखा,'यह पिछले मैच में नई गेंद से मेरी गेंदबाजी है। जब तक आप लोग मुझे खेलते हुए न देखें, प्लीज मुझे रेस से बाहर मत समझिये, खासतौर से सिर्फ स्कोरकार्ड और आंकड़ों को देखकर। मेरे पास क्रिकेट को देने के लिये अभी बहुत कुछ बाकी है और मैं कभी भी हार नहीं मानूंगा। आप सभी को मेरा ढेर सारा प्यार और सभी के लिये सम्मान।'












Click it and Unblock the Notifications