हैदराबाद में मौज काट रहे पाकिस्तानी खिलाड़ी, शाही डिनर के बाद ली फैंस के साथ सेल्फी, PCB ने शेयर किया Video
World Cup 2023: वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान क्रिकेट टीम भारत दौरे पर पहुंच गई है। टूर्नामेंट से उतरने से पहले टीम एक वार्म-अप मैच भी खेल चुकी है। हैदराबाद पहुंचने के बाद से पाकिस्तान टीम अपने खिलाड़ियों को भारत में मिले आतिथ्य के लिए प्रशंसा से भरी हुई है।
हैदराबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने पहले अभ्यास मैच के बाद बाबर आजम की टीम ने एक भव्य रात्रिभोज का आनंद लिया और फैंस के साथ कुछ सेल्फी भी लीं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के आधिकारिक ट्विटर (एक्स) अकाउंट ने टीम के रात्रिभोज का एक वीडियो शेयर किया है, जहां खिलाड़ियों को मौज-मस्ती करते देखा जा सकता है।

हालांकि, ये अलग बात है कि पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुक्रवार को अभ्यास मैच में उसे न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में बोर्ड पर 345 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लेकिन, उनके गेंदबाज लक्ष्य का बचाव नहीं कर सके और कीवी टीम ने 43.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
न्यूजीलैंड के लिए रचिन रवींद्र (97), केन विलियमसन (54), डेरिल मिशेल (59) और मार्क चैपमैन (65) शीर्ष स्कोरिंग बल्लेबाज रहे। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद रिजवान (103), बाबर आजम (80) और सऊद शकील (75) ने बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन किया।
वहीं वार्म-अप मैच में शतक और भारती के मेहमान नवाजी को लेकर मोहम्मद रिजवान ने कहा कि 'शतक, शतक होता है, इस पर गर्व है और खुशी भी है। पाकिस्तान के लिए शतक बनाना हमेशा खास होता है। हवाईअड्डे पर ही भारतीय दर्शकों ने हमें बहुत प्यार दिया, ठीक वैसे ही जैसे पाकिस्तान में हमारे प्रशंसक हमें प्यार करते हैं। हमारा स्वागत किया गया।'












Click it and Unblock the Notifications