काउंटी डेब्यू में वॉशिंगटन सुंदर का कहर, दूसरी ही गेंद पर चटकाया विकेट; पहले दिन किए 4 शिकार
भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने काउंटी क्रिकेट में अपना ड्रीम डेब्यू किया।
नई दिल्ली, जुलाई 20। भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने काउंटी क्रिकेट में अपना ड्रीम डेब्यू किया। लंकाशायर के लिए काउंटी चैम्पियनशिप में डेब्यू करने वाले सुंदर ने दूसरी ही गेंद पर नॉर्थ हैम्पशायर के कप्तान विल यंग को विकेटकीपर डेन विलास के हाथों कैच आउट कराया। सुंदर की छोटी गेंद पर वह विकेटकीपर को कैच थमा बैठे। नॉर्थ हैम्पशायर के सलामी बल्लेबाज सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सुंदर ने पहले दिन 20 ओवर में 69 रन खर्च कर कुल चार विकेट अपने नाम किए। उनकी इस बेहतरीन गेंदबाजी के चलते नॉर्थ हैम्पशायर का स्कोर पहले दिन स्टंप तक 218/7 रहा।

इन चार खिलाड़ियों को किया आउट
सुंदर के पहले विकेट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कप्तान यंग के विकेट के बाद सुंदर ने दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रेयान रिकलेटन को 22 रन पर लेग बिफोर आउट कर दिया। इसके साथ ही सुंदर ने अर्धशतक लगानेवाले रॉब केओघ को स्लिप पर कैच आउट कराया। उन्होंने 82 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली। वहीं रिवर्स स्वीप का प्रयास कर रहे विकेटकीपर टॉम टेलर को उन्होंने एलबीडब्ल्यू आउट किया। टेलर ने 4 गेंदों का सामना किया और मात्र 1 रन बनाया।
As starts go... 😏
A first @CountyChamp wicket for @Sundarwashi5 with just his second ball! 👏🇮🇳🌹 #RedRoseTogether pic.twitter.com/adEQTae9oc— Lancashire Cricket (@lancscricket) July 19, 2022

ये खिलाड़ी भी खेल रहे काउंटी क्रिकेट
वॉशिंगटन के अलावा कई अन्य भारतीय खिलाड़ी भी काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं। इनमें सीनियर भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ससेक्स तो वहीं तेज गेंदबाज उमेश यादव मिडलसेक्स की टीम का हिस्सा हैं। वहीं ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या भी वॉरविकशायरर टीम के साथ जुड़े हैं। सुंदर ने 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत की ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत में महत्वपूर्ण रोल प्ले किया था। गाबा टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने शार्दुल ठाकुर के साथ एक शानदार पार्टनरशिप की थी।

सुंदर का इंटरनेशनल करियर
भारतीय बॉलिंग ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने अपने करियर में अब तक 4 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 66.25 की औसत और 52.78 के स्ट्राइक रेट से 265 रन बनाए हैं। उन्होंने टेस्ट में 3 अर्धशतक भी जड़े हैं, इसके अलावा 6 विकेट भी अपने नाम किए हैं। 4 वनडे मैचों में सुंदर ने 28.50 की औसत और 76.00 के स्ट्राइक रेट से 57 रन बनाए हैं, साथ ही 5 विकेट भी चटकाए हैं। वहीं 31 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में उन्होंने 6.71 की औसत और 146.87 के स्ट्राइक रेट से 47 रन बनाए हैं और 25 विकेट भी झटके हैं।












Click it and Unblock the Notifications