'Karlo Entertainment..,' भारत की जीत के बाद वीरेंद्र सहवाग ने इंग्लैंड पर किया कटाक्ष, वायरल हुआ रिएक्शन
India vs England, 4th Test: भारतीय क्रिकेट टीम ने सोमवार को इंग्लैंड के खिलाफ पांच विकेट से जीत दर्ज कर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज अपने नाम कर ली। भारतीय टीम ने घरेलू सरजमीं पर 'बैज़बॉल' के तूफान को तहस नहस कर दिया। रोहित शर्मा की टीम ने सोमवार को रांची में चौथे टेस्ट में इंग्लैंड पर पांच विकेट की कड़ी जीत हासिल की।
भारत ने कप्तान रोहित शर्मा (81 गेंदों में 55 रन) और यशस्वी जयसवाल (44 गेंदों में 37 रन) की सलामी जोड़ी के साथ शानदार वापसी की। भारत ने पांच मैचों की सीरीज में इंग्लैंड पर 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इस जीत के बाद टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज वीरेंद्र सहवाग ने भी अपनी खुशी जाहिर की।

भारत की जीत के बाद वीरेंद्र सहवाग ने इंग्लैंड पर तंज कसते हुए एक्स पर लिखा, 'करलो एंटरटेनमेंट, इंग्लैंड। जीत जैसी बोरिंग चीज भारत, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड कर लेंगे।'
रजत पाटीदार और रवींद्र जडेजा के आउट होने के बाद भारत को कुछ झटके लगे, लेकिन शुभमन गिल (नाबाद 52) और ध्रुव जुरेल (नाबाद 39) ने नाबाद 72 रनों की साझेदारी के साथ टीम को फिनिशिंग लाइन तक पहुंचाया। बाएं हाथ के स्पिनर टॉम हार्टले (1/64) ने रोहित का बेशकीमती विकेट लिया, जबकि शोएब बशीर सबसे सफल इंग्लिश गेंदबाज रहे, जिन्होंने दूसरी पारी में 79 रन देकर 3 विकेट लिए और मैच में आठ विकेट लिए।
भारत 7 मार्च से धर्मशाला में होने वाले आखिरी मैच के साथ सीरीज में 3-1 से आगे है। भारत ने आखिरी घरेलू सीरीज 2012-13 में एलिस्टर कुक के नेतृत्व वाली इंग्लैंड से 1-2 से हार थी। तब से भारत ने घरेलू मैदान पर 50 में से 39 टेस्ट जीते हैं।












Click it and Unblock the Notifications