'इन दो बल्लेबाजों के दम पर भारत टेस्ट क्रिकेट में करेगा राज', सहवाग ने बताया किन दो खिलाड़ियों से डरेगी दुनिया
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंदर सहवाग ने दो युवा बल्लेबाजों की जमकर तारीफ की है और कहा है कि आने वाले समय में ये दोनों क्रिकेटर दुनिया भर में भारत का परचम लहरायेंगे। वीरेंदर सहवाग का मानना है कि आने वाले समय में इन दोनों खिलाड़ियों के चलते विपक्षी टीमों ोक 400 रन भी कम नजर आयेंगे और इनकी वजह से टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम से सारी दुनिया डरती नजर आयेगी।

उल्लेखनीय है कि वीरेंदर सहवाग ने जिन दो क्रिकेटर्स की तारीफ की है वो भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ हैं, जो कि आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की टीम की ओर से खेलते नजर आते हैं। सहवाग का मानना है कि जब यह दोनों बल्लेबाज भारतीय टीम की ओर से खेलना शुरू करेंगे तो न सिर्फ भारत टेस्ट क्रिकेट में राज करेगा बल्कि विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में भी जीत हासिल करेगा।
Recommended Video

उनके सामने 400 रन भी कम होंगे
स्पोर्टस 18 के शो होम ऑफ हीरोज में बात करते हुए सहवाग ने कहा,'वो (शॉ) एक ऐसा खिलाड़ी है जो कि टेस्ट क्रिकेट में उत्साह की वापसी करा सकता है। जब टीम में पंत और शॉ जैसे बल्लेबाज होंगे तो विपक्षी टीम भी ये सोचेगी कि चौथी पारी में 400 रन का टारगेट भी कम है। शॉ और पंत के एक टीम में होने से भारतीय टीम टेस्ट क्रिकेट पर राज कर सकती है और विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप जीत सकती है।'

विस्फोटक अंदाज में की थी करियर की शुरुआत
ऋषभ पंत और पृथ्वी शॉ ने अपने अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट करियर का आगाज विस्फोटक अंदाज में किया था लेकिन कुछ समय बाद ही उनकी राह अलग-अलग दिशा में चली गई। जहां पंत विश्व टेस्ट क्रिकेट के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक बनकर उभरे हैं और अपनी काबिलियत से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं तो वहीं पर शॉ न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के दौरों पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने की वजह से टीम से बाहर चल रहे हैं।

तकनीकी दिक्कत ने टीम से किया बाहर
पृथ्वी शॉ ने अपने टेस्ट करियर का आगाज शतक के साथ किया था और वेस्टइंडीज के अगले मैच में अर्धशतक भी लगाया था, हालांकि 2020 के बाद वो भारतीय टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेला था जिसकी दोनों पारियों में अंदर आती गेंद पर बोल्ड होने के बाद उनकी तकनीकी कमजोरी सामने आ गई थी। हालांकि इसके बाद शॉ ने सीमित ओवर प्रारूप में जबरदस्त वापसी करते हुए रनों का अंबार लगा दिया था।

पंत और सहवाग के करियर में क्या रही समानता
वहीं पंत की बात करें तो उन्होंने अपने अब तक के टेस्ट करियर में 40 की औसत से रन बनाये हैं और इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर शतक लगाकर खास नाम कमाया है, हालांकि सीमित ओवर्स में उनकी वापसी उम्मीद के अनुसार नहीं रही है। ऐसे में जब सहवाग से पूछा गया कि ऋषभ पंत और उनके करियर में क्या समानता नजर आती है तो उन्होंने कहा कि पंत को भी टेस्ट में ज्यादा जबकि सीमित ओवर्स प्रारूप में कम सफलता मिली है।

अगर ओपन करेगा तो ज्यादा सफल होगा
उन्होंने कहा,'हम सीमित ओवर प्रारूप में 50 या 100 रन बनाने के लिये नहीं खेलते बल्कि एक तेज गति से रन बनाने के लिये खेलते हैं, फिर परिस्थिति क्या है और आपका विपक्षी कौन है ये मायने नहीं रखता है। नंबर 4 या 5 पर बल्लेबाजी करते हुए वो हमेशा खुद को ऐसी परिस्थितियों में पायेगा जहां पर ज्यादा जिम्मेदारी की मांग की जायेगी, हालांकि अगर वो ओपन करे तो ज्यादा सफलता हासिल होगी।'












Click it and Unblock the Notifications