Virat Kohli Birthday: बर्थडे पर किंग कोहली को कभी नहीं मिली है हार, तो क्या आज साउथ अफ्रीका से भी जीत पक्की?
Virat Kohli Birthday news: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली का आज 35वां जन्मदिन है। 5 नवंबर 1988 के दिन विराट कोहली का जन्म हुआ था। विराट कोहली अपने जन्मदिन को और स्पेशल बनाना चाहेंगे। भारतीय टीम वर्ल्ड कप में रविवार को साउथ अफ्रीका से भिड़ने वाली है। विराट कोहली के पास साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने वनडे करियर का 49वां वनडे शतक जड़ने का मौका है। विराट कोहली अगर ऐसा करने में सफल होते हैं तो वह महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर लेंगे।
कोहली के जन्मदिन पर मिली है जीत: किंग कोहली ने जन्मदिन पर भारतीय टीम के लिए अब तक दो मुकाबलों में हिस्सा लिया है। 5 नवंबर को इन दोनों ही मैचों में भारत को जीत हासिल हुई थी। भारत ने साल 2015 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही 5 नवंबर को मोहाली में टेस्ट मैच खेला था। जिस मुकाबले को भारतीय टीम 108 रन से जीतने में कामयाब रही थी। इसके अलावा साल 2021 में T20 वर्ल्ड कप के दौरान 5 नवंबर को भारत ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 8 विकेट से जीत हासिल की थी।

साउथ अफ्रीका से होगा सामना: एक बार फिर 5 नवंबर यानी कि विराट कोहली के बर्थडे वाले दिन भारत का सामना साउथ अफ्रीका से होने जा रहा है। वर्ल्ड कप का यह मुकाबला इस लिहाज से भी अहम हो जाता है कि आज जो टीम जीतेगी वह प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर विराजमान रहेगी। दोनों ही टीम की कोशिश इस मुकाबले को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर अपनी पोजीशन को खत्म करने की होगी।
कोहली के बल्ले से रनों की उम्मीद: विराट कोहली वर्ल्ड कप में लगातार अपने बल्ले से रन बनाने का काम कर रहे हैं। विराट कोहली श्रीलंका के खिलाफ अपने वनडे करियर का 49 वां शतक लगाने से चूक गए थे। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ भी उन्होंने 95 रनों की पारी खेली थी। जबकि बांग्लादेश के खिलाफ वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार विराट कोहली रन चेस करते हुए शतक लगाने में कामयाब रहे थे। विराट कोहली साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन में एक बड़ी पारी खेलना चाहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications