पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड पारी के चलते मैन ऑफ द मैच बने विराट, किया बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम
पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा मैच में भारत की टीम ने जबरदस्त जीत दर्ज की है। हालांकि बारिश ने इस मैच में खलल जरूर डाली लेकिन अंत में जिस तरह से भारत ने पाकिस्तान को चारो खाने चित किया उससे क्रिकेट फैंस में खुशी है।
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अबतक की सबसे बड़ी 228 रन की जीत दर्ज की है। इस जीत के हीरो की बात करें तो वह विराट कोहली रहे, जिन्होने नाबाद 122 रनों की पारी खेली। विराट कोहली को इस बेहतरीन पारी के चलते मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।

विराट कोहली ने 94 गेदों पर 122 रनों की पारी खेली। इस पारी में विराट ने 9 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्होंने केएल राहुल के साथ बेहतरीन साझेदारी करते हुए भारत के स्कोर को 50 ओवर में 356 रन पहुंचाने में मदद की। वहीं चोट के बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे केएल राहुल ने भी शतकीय पारी खेली। उन्होंने 106 गेंदों पर 111 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 12 चौके और 2 छक्के लगाए।
जिस तरह से पिछले मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ मैच भारत का शीर्ष क्रम बुरी तरह से लड़खड़ा गया था उसके बाद आज शीर्ष क्रम ने अपना दम दिखाया और चाऱों बल्लेबाजों ने 50 प्लस का स्कोर किया। रोहित शर्मा ने 56 रन और शुभमन गिल ने 58 रनों की पारी खेली।
लेकिन जिस तरह से रोहित और शुभमन गिल ने भारत को तूफानी शुरुआत दी उसका विराट और केएल ने भरपूर लाभ उठाया। विराट कोहली को उनके बेहतरीन खेल के लिए मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
इसके साथ ही विराट कोहली वनडे एशिया कप में सर्वाधिक मैन ऑफ द मैच जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने एशिया कप में 4 मैन ऑफ द मैच के खिताब जीते हैं जबकि दूसरे पायदान पर सुरेश रैना (3), नवजोत सिंह सिद्धू (3) हैं।
भारत के 356 रन के स्कोर का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम बुरी तरह से लड़खड़ा गई और पूरी टीम मिलकर सिर्फ 128 रन ही बना सकी। पाकिस्तान की टीम 32 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 128 रन बना सकी। टीम के दो खिलाड़ी हारिस रऊफ और नसीम शाह बल्लेबाजी करने के लिए नहीं आए।
इस जीत के साथ ही भारत की टीम टेबल पर पहले पायदान पर पहुंच गई है। टीम इंडिया का अगला मुकाबला 12 सितंबर को मेजबान श्रीलंका के खिलाफ। यह मैच भी उसी मैदान में खेला जाएगा जहां पाकिस्तान के साथ भारत का मैच हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications