ICC T20 Batting Ranking: विराट कोहली टॉप 10 में फिर से हुए शामिल, लगाई 6 पायदान की छलांग
T20 world cup 2022 के पहले ही मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ धमाकेदार जीत दर्ज की थी। इस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 4 विकेट से हरा दिया था। भारतीय टीम की इस शानदार जीत के हीरो पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली रहे थे। उन्होंने इस मैच में 53 गेंदों में नाबाद 82 रन की पारी खेली थी। विराट कोहली को उनके इस प्रदर्शन का फायदा आईसीसी टी20 रैंकिंग में हुआ है। आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में विराट कोहली टॉप 10 बल्लेबाजों में फिर से शामिल हो गए हैं।
Recommended Video

कोहली ने लगाई 6 पायदान की छलांग
आईसीसी की ताजा रैंकिंग के अनुसार, विराट कोहली ने 6 पायदान की छलांग लगाकर 9वां स्थान हासिल कर लिया है। आपको बता दें कि 2 साल तक खराब फॉर्म से जूझने के कारण कोहली टॉप 10 टी20 बल्लेबाजों की लिस्ट से बाहर हो गए थे। एक समय कोहली लंबे समय तक टी20 रैंकिंग में नंबर वन बल्लेबाज थे, लेकिन पिछले साल नवंबर में कोहली टॉप 10 बल्लेबाजों की सूची से बाहर हो गए थे। अगस्त 2022 में कोहली इस सूची में 35वें स्थान पर थे, लेकिन एशिया कप से पहले कोहली ने अपना फॉर्म हासिल कर लिया और अब वो आगे बढ़ते जा रहे हैं।

बाबर आजम को हुआ रैंकिंग का नुकसान
आईसीसी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में एक तरफ कोहली को फायदा हुआ है तो वहीं पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को नुकसान हुआ है। बाबर आजम अब रैंकिंग में चौथे स्थान पर लुढ़क गए हैं। भारत के खिलाफ बड़े मुकाबले में बाबर आजम गोल्डन डक का शिकार हुए थे। विराट कोहली के टॉप पोजिशन से हटने के बाद बाबर आजम लंबे समय तक टी20 के नंबर वन बल्लेबाज रहे। बाबर की जगह अब मोहम्मद रिजवान पहले स्थान पर हैं।

सूर्यकुमार यादव भी रैंकिंग में फिसले
टी20 रैंकिंग में भारत के स्टार सूर्यकुमार यादव को भी नुकसान हुआ है। सूर्या रैंकिंग में फिसल कर नंबर 3 पर चले गए हैं। शीर्ष 10 बल्लेबाजों की लिस्ट में मोहम्मद रिजवान 849 प्वॉइंट के साथ पहले स्थान पर हैं। दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड के डेवॉन कॉनवॉय हैं। तीसरे पर सूर्यकुमार यादव, चौथे पर बाबर आजम हैं। पांचवे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के एडन मार्करम हैं। छठे स्थान पर इंग्लैंड के डेविड मलान, सातवें पर ऑस्ट्रेलिया के एरॉन फिंच और आठवें स्थान पर श्रीलंका के निसंका हैं। 9वें पर कोहली और 10वें स्थान पर यूएई के मोहम्मद वसीम हैं।












Click it and Unblock the Notifications