Virat Kohli: विराट कोहली के टेस्ट करियर की 10 यादगार पारियां, इसी वजह से कहलाए थे किंग ऑफ़ द गेम
Virat Kohli: विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 14 साल के करियर को विराम लगा दिया। सोशल मीडिया पर आकर कोहली ने अपने फैसले के बारे में फैन्स को बता दिया। उन्होंने ठीक वही किया, जो कुछ दिनों पहले रोहित शर्मा ने भी किया था।
कोहली टेस्ट क्रिकेट तो छोड़ गए लेकिन उनकी यादगार पारियां हमेशा फैन्स के दिलों में रहेगी। कोहली ने हर कंडीशन में खुद का लोहा मनवाने का काम किया है। ऐसे में उनके टेस्ट करियर की बेस्ट 10 पारियों के जिक्र यहाँ किया गया है।

Virat Kohli की दस बेस्ट टेस्ट पारियां
डोनाल्ड को इम्प्रेस करने वाला शतक
जोहांसबर्ग में 2013 में उनकी शतकीय पारी ने एलन डोनाल्ड का दिल जीत लिया। कोहली ने 119 रनों की पारी खेलकर धमाल मचा दिया था। डोनाल्ड ने कहा था कि मुझे इस प्लेयर को देखकर सचिन की याद आती है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ 105 रन
साल 2014 के कोलकाता टेस्ट में न्यूजीलैंड की टीम आगे थी और लग रहा था कि टीम इंडिया मैच हार जाएगी। उस समय कोहली ने अपने पाँव जमाए और कीवियों को धो डाला। 105 रनों की नाबाद पारी खेल मुकाबला ड्रॉ करा दिया।
एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 141 रन
धोनी ने साल 2014 में जब अचानक टेस्ट से कप्तानी छोड़ दी थी, तो कोहली नए कप्तान थे और दोहरी भूमिका निभाते हुए उनका शतक आया। 364 के लक्ष्य का पीछा करते हुए एडिलेड में कोहली ने धमाल मचाते हुए 141 रन बनाए। हालांकि टीम इंडिया 48 रनों से हार गई लेकिन कोहली की पारी यादगार बन गई।
मेलबर्न में भी शतकीय पारी
एडिलेड के बाद कोहली ने मेलबर्न में भी कंगारुओं को नहीं छोड़ा और धुआंधार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर से शतक जमा दिया। इस बार उनके बल्ले से 169 रनों की पारी आई।
मुंबई की टर्निंग विकेट पर दोहरा शतक
मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ साल 2016 में आया उनका शतक कौन भूल सकता है। तीसरे दिन से ही खतरनाक टर्न ले रही विकेट पर कोहली ने कदम जमाए और इंग्लिश गेंदबाजों की धज्जियाँ उड़ा डाली। 93/6 के स्कोर से कोहली ने तबाही मचाई। इसके बाद उनके 235 रन आए, जो फैन्स को आज भी याद है।
घास वाली पिच पर सेंचुरी
2017 में दक्षिण अफ्रीका दौरे की तैयारी के लिए घास वाली पिच कोलकाता में थी और श्रीलंकाई टीम सामने थी। पहली पारी में टीम इंडिया 172 पर सिमट गई। इसके बाद दूसरी पारी में कोहली ने 119 गेंदों में 104 रन बनाए। वहां टीम इंडिया ने 352 रन बनाए। श्रीलंका का स्कोर 75/7 था और बारिश से प्रभावित मैच खराब लाईट के कारण अंतिम दिन जल्दी समाप्त हुआ और ड्रॉ हो गया।
दक्षिण अफ्रीका में लम्बी बैटिंग
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में 2018 में कोहली ने 153 रनों की धाकड़ पारी खेली। उन्होंने 379 मिनट तक बैटिंग की। मजे की बात तो यह है कि उनके बाद दूसरा बेस्ट स्कोर 46 रन था, जो मुरली विजय के बल्ले से आया। हालांकि भारत को इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
एजबेस्टन में आया शतक
एजबेस्टन में कोहली ने 2018 में 149 रनों की पारी खेली। उस दिन एंडरसन ने उनको काफी परेशान किया। 149 रनों की वह पारी आज भी फैन्स के दिलों में है। ऑफ़ स्टम्प से बाहर जाने वाली गेंदों का बखूबी सामना करते हुए उस मुश्किल दिन में उनका शतक आया था।
पर्थ की मुश्किल विकेट पर शतक
साल 2018 में पर्थ टेस्ट के असीमित उछाल और गति के सामने कोहली टिके रहे। उनके बल्ले से 123 रनों का स्कोर आया। उनके बाद इस मैच में अगला बेस्ट स्कोर 70 रन था। ऐसा लग रहा था कि वह किसी अन्य पिच के ऊपर खेल रहे हैं।
कोहली का उच्चतम स्कोर
कोहली का बेस्ट स्कोर नाबाद 254 रन है। यह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पुणे में आया। कोहली ने इस दौरान 336 गेंदों का सामना किया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 137 रनों से जीत दर्ज की थी। यह साल 2019 की बात है।












Click it and Unblock the Notifications