'चैंपियन टीमों से कोसों दूर हैं...,' पूर्व दिग्गज ने टीम इंडिया को लगाई फटकार, बताया कहां हो रही गलती
West Indies vs India, 2nd ODI: वेस्टइंडीज और इंडिया के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला कैरेबियन टीम ने जीत लिया है। इस हार के बाद रोहित शर्मा एंड कंपनी को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, टीम इंडिया को स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली की गैर मौजूदगी में रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा। पूरी टीम 181 रन पर ऑल आउट हो गए। इससे पहले, भारतीय क्रिकेट टीम ने टेस्ट सीरीज में मेजबान टीम का सफाया करने का मौका भी गंवा दिया था, सीरीज का दूसरा मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ।

वेंकटेश प्रसाद ने ट्वीट कर लिखा, 'टेस्ट क्रिकेट को छोड़ दें तो, भारत पिछले कुछ समय से अन्य दो फॉर्मेट में बहुत सामान्य रहा है। दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज हारे। पिछले दो टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन रहा, न तो हम इंग्लैंड की तरह रोमांचक टीम हैं और न ही ऑस्ट्रेलियाई टीम की तरह हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि, 'पैसे और ताकत के बावजूद, हम सामान्यता का जश्न मनाने के आदी हो गए हैं और चैंपियन टीमों से कोसों दूर हैं। हर टीम जीतने के लिए खेलती है और भारत भी, लेकिन समय के साथ खराब प्रदर्शन के लिए उनका दृष्टिकोण और रवैया भी एक फैक्टर है।'
दरअसल, दूसरे वनडे मैच में भारतीय टीम मैनेजमेंट का कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली को आराम देने का फैसला बुरी तरह से उलटा पड़ गया, क्योंकि मिडिल ऑर्डर का कोई भी बल्लेबाज गति, उछाल और टर्न का सामना नहीं कर सका और शनिवार को बारिश से प्रभावित दूसरे वनडे में 40.5 ओवर में 181 रन पर टीम ऑल आउट हो गई।
जवाब में वेस्टइंडीज के लिए कप्तान शाई होप (नाबाद 63, 80 गेंद) और युवा कीसी कार्टी (नाबाद 48, 65 गेंद) ने शानदार पारी खेलते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। वेस्टइंडीज ने 36.4 ओवर में खेल समाप्त कर दिया और दिसंबर, 2019 के बाद से लगातार नौ द्विपक्षीय हार की सीरीज को भी तोड़ दिया। इस हार का कारण टीम इंडिया की खराब बल्लेबाजी रही।












Click it and Unblock the Notifications