वैभव सूर्यवंशी तोड़ेंगे टी20 रनों का वर्ल्ड रिकॉर्ड, दिग्गज खिलाड़ी ने की भविष्यवाणी
Vaibhav Sooryavanshi: टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने के बाद अगर जोस बटलर किसी खिलाड़ी की सबसे ज्यादा चर्चा करते नजर आए, तो वह भारत के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी थे। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान का मानना है कि आने वाले वर्षों में अगर कोई बल्लेबाज उनके इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकता है, तो वह वैभव ही हैं।
बटलर ने यह बयान उस समय दिया, जब उन्होंने द हंड्रेड 2026 में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए टी20 क्रिकेट का नया इतिहास रच दिया। वेल्श फायर के खिलाफ मुकाबले के दौरान उन्होंने अपने करियर के कुल 14,833 टी20 रन पूरे किए और वेस्टइंडीज के किरोन पोलार्ड (14,803 रन) को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह उपलब्धि लंबे समय तक क्रिस गेल के नाम रही थी।

वैभव को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया
इतने बड़े रिकॉर्ड के बावजूद बटलर ने अपनी उपलब्धि से ज्यादा भविष्य की बात की। स्काई स्पोर्ट्स से बातचीत में उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड हमेशा हमेशा के लिए नहीं रहते। कोई न कोई खिलाड़ी एक दिन इसे जरूर तोड़ेगा और उन्हें लगता है कि वैभव सूर्यवंशी इस काम के सबसे बड़े दावेदार हैं। बटलर ने इसे अपने करियर का गर्व भरा पल भी बताया।
वैभव को लेकर बटलर का भरोसा अचानक नहीं बना है। पिछले कुछ समय में वह कई मौकों पर भारतीय युवा बल्लेबाज की तारीफ कर चुके हैं। आईपीएल के दौरान वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी ने उन्हें काफी प्रभावित किया था। उस समय भी उन्होंने कहा था कि इतनी छोटी उम्र में इस स्तर की बल्लेबाजी बहुत कम खिलाड़ियों में देखने को मिलती है।
कैसा रहा है वैभव का अब तक का करियर
वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम समय में अपनी अलग पहचान बना ली है। 16 साल की उम्र से पहले ही उनके नाम टी20 क्रिकेट में 1,670 रन दर्ज हैं। उनका औसत 42.82 का है, जबकि स्ट्राइक रेट 216.32 तक पहुंच चुका है। चार शतक और आठ अर्धशतक इस बात का सबूत हैं कि वह सिर्फ प्रतिभाशाली नहीं, बल्कि लगातार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी भी हैं।
ज़िम्बाब्वे में जीता प्लेयर ऑफ़ द सीरीज
जिम्बाब्वे दौरे पर वैभव सूर्यवंशी ने तीन टी20 मैचों में 151 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीता। इसी दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया। इसके अलावा वह सबसे कम उम्र में प्लेयर ऑफ़ द सीरीज वाले खिलाड़ी बन गए।


Click it and Unblock the Notifications
