Ashes 2023: उस्मान ख्वाजा ने शतक के बाद हवा में क्यों उछाला बल्ला? हैरान करने वाली है जश्न के पीछे की वजह
उस्मान ख्वाजा ने अपना शतक पूरा करने के बाद जश्न मनाते हुए बल्ला हवा में उछाल दिया। इस जश्न के बाद उन्होंने खुलासा किया कि कैसे इंग्लैंड में उनके खेलने की क्षमता पर संदेह किया जाता था।
AUS vs ENG Test : ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 16 जून से एशेज सीरीज की शुरुआत हो चुकी है। दोनों टीमों के बीच एजबेस्टन में आज तीसरे दिन का मुकाबला खेला जा रहा है। इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के लिए उस्मान ख्वाजा ने शानदार शतकीय पारी खेली, जिसके बाद उन्होंने अपने इमोशनल सेलिब्रेशन के पीछे के कारण का खुलासा किया है।
सीरीज के पहले दिन इंग्लैंड ने आठ विकेट के नुकसान पर 393 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम बल्लेबाजी करने उतरी। ऑस्ट्रेलिया के चार विकेट गिरने के बावजूद उस्मान ख्वाजा भरोसेमंद बल्लेबाज के तौर पर टिके रहे, और उन्होंने गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक अंदाज में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया।

उस्मान ख्वाजा का इमोशनल सेलिब्रेशन
उस्मान ख्वाजा ने चौके साथ अपना शतक पूरा किया। इसके बाद जश्न मनाते हुए उन्होंने अपना बल्ला हवा में उछाल दिया। ख्वाजा ने खुलासा किया कि कैसे इंग्लैंड में उनके खेलने की क्षमता पर संदेह किया जाता था, और उन्हें क्राउड द्वारा ट्रोल किया जाता था।
ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ने इंग्लैंड में चल रहे टेस्ट से पहले 17.78 की औसत से रन बनाए थे। इंग्लैंड में अपनी पिछली 14 पारियों में उन्होंने सिर्फ एक बार पचास का आंकड़ा पार किया था। उन्हें 2013 और 2019 में यूके के पिछले दौरों पर ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम से भी हटा दिया गया था।
ख्वाजा ने अपने भावनात्मक जश्न के बारे में कहा, 'मुझे लगता है कि यह सेलिब्रेशन इंग्लैंड में 3 ऐशेज दौरों और उनमें से 2 में बाहर होने का एक कारण था। मैं मीडिया में क्या चल रहा है ये नहीं पढ़ता, लेकिन जब मैं नेट्स पर होता हूं तो कहा जाता है कि मैं इंग्लैंड में बल्लेबाजी नहीं कर सकता, ऐसे में मुझे लगता है कि यह सामान्य से थोड़ा अधिक भावनात्मक पल था।'
फिलहाल, उस्मान ख्वाजा ने तीसरे दिन भी टीम का स्कोर बढ़ाने के लिए शानदार प्रयास किए। हालांकि, 321 गेंदों पर 141 रन बनाकर उन्हें वापस पवेलियन लौटना पड़ा। ख्वाजा को इंग्लैंड के रॉबिनसन ने 141 पर बोल्ड कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications