WPL 2023: ऐसा कर हरमनप्रीत कौर ने भी धोनी की तरह रचा इतिहास, मुंबई इंडियंस की लगातार चौथी जीत
UP Warriorz vs Mumbai Indians Highlights: वीमेंस प्रीमियर लीग में मुंबई की टीम का धमाकेदार प्रदर्शन जारी है। मुंबई ने अपने दमदार प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया है।

UP Warriorz vs Mumbai Indians Highlights: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम मुंबई इंडियंस वीमेंस प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन कर रही है। रविवार को मुंबई इंडियंस ने वीमेंस प्रीमियर लीग में लागातर चौथी जीत दर्ज की। मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट में अब तक अच्छा परफॉर्म किया है। ऐसे में टीम खिताब जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। मुंबई इंडियंस इकलौती ऐसी टीम है जिसे अब तक एक भी मुकाबले में हार का मुंह नहीं देखना पड़ा है।

हरमनप्रीत कौर ने की धोनी की बराबरी
हरमनप्रीत कौर वीमेंस प्रीमियर लीग में लगातार चार मैच जीतने वाले पहली कप्तान बन गई हैं। हरमनप्रीत कौर से पहले आईपीएल में एमएस धोनी चेन्नई के लिए बतौर कप्तान यह कारनामा कर चुके हैं। कौर अब धोनी से जुड़ी इस स्पेशल लिस्ट में शामिल हो गई हैं। धोनी आईपीएल में लगातार चार मैच जीतने वाले पहले कप्तान थे। अब ऐसा करने वाली कौर पहली महिला कप्तान बन गई है।

मुंबई ने जीते लगातार चार मैच
वीमेंस प्रीमियर लीग में मुंबई ने अपने पहले मैच में गुजरात जाएंट्स को 143 रनों से हराया था। इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पर 9 विकेट से जीत दर्ज की। टीम ने तीसरे मैच में दिल्ली को 8 विकेट से हराया था। वहीं रविवार को खेले गए चौथे मैच में मुंबई ने यूपी वॉरियर्स के खिलाफ 8 विकेट से जीत हासिल कर ली है। इसके साथ ही मुंबई के वीपीएल के फाइनल में पहुंचने की संभावनाएं भी बढ़ गई है। मुंबई की कोशिश पहले सीजन ही खिताब को अपने नाम करने की होगी।

हरमनप्रीत कौर ने जड़ा अर्धशतक
मैच की बात करें तो यूपी ने 20 ओवर में छह विकेट पर 159 रन बनाए थे। जिसके जवाब में मुंबई ने 17.3 ओवर में दो विकेट पर 164 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। मुंबई के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक बार फिर अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 33 गेंद पर नाबाद 53 रन बनाकर टीम की जीत को सुनिश्चित करने का काम किया। इसके अलावा नताली सीवर ब्रंट 31 गेंद पर 45 रन बनाकर नाबाद रहीं। हरमनप्रीत और नताली सीवर ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 106 रनों की साझेदारी की। टीम की सलामी बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने भी 27 गेंद पर 42 रन का अहम योगदान दिया।












Click it and Unblock the Notifications