IND vs AUS: टी20 सीरीज के लिए चंडीगढ़ पहुंचे उमेश यादव, 3 साल बाद नीली जर्सी में आएंगे नजर
नई दिल्ली, 18 सितंबर: किस्मत हो तो उमेश यादव (Umesh Yadav) जैसी... शुक्रवार का दिन उमेश यादव के लिए बहुत खास रहा। शुक्रवार देर रात अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हो गए। शमी के बाहर होने के बाद चयनकर्ताओं ने उमेश यादव को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम इंडिया का हिस्सा बनाया। उमेश की पूरे 3 साल के बाद लिमिटेड ओवर क्रिकेट में वापसी हुई है।

2019 में खेला था आखिरी मैच
34 वर्षीय अनुभवी पेसर उमेश यादव टी20 सीरीज के लिए चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। यादव जी की पूरे 3 साल के बाद टी20 टीम में वापसी हुई है। उमेश ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला फरवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही खेला था। पिछले कुछ सालों में वह भारतीय टेस्ट टीम में तो लगातार बने रहे, लेकिन वनडे और टी20 टीम से उनको ड्रॉप कर दिया गया।

अब हुई धमाकेदार वापसी
उमेश यादव इस समय कमाल की फॉर्म में हैं। हाल ही में उन्होंने काउंटी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान एक बार फिर से अपनी ओर खिंचा था। दाएं हाथ के पेसर ने मिडिलसेक्स की ओर से खेलते हुए रॉयल लंदन कप के 7 मैचों में 20.25 की लाजवाब औसत से कुल 16 विकेट अपने नाम किए थे। इस टूर्नामेंट से पहले उन्होंने काउंटी डिविजन-1 में भी बढ़िया गेंदबाजी की थी।

आईपीएल में लिए थे 16 विकेट
IPL सीजन 15 के मेगा ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने उमेश यादव को 2 करोड़ रूपये में खरीदा था और पूरे टूर्नामेंट में उनका जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। 12 मुकाबलों में उमेश ने 21.19 की कमाल की औसत से कुल 16 विकेट अपने नाम किए। पावरप्ले के ओवरों में तो उमेश ने लगभग हर मैच में विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को खूब परेशान किया था।

T20I में कैसा है प्रदर्शन
उमेश ने साल 2012 में श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था, लेकिन अपने 12 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में वह अभी तक कुल 7 ही T20I मुकाबले खेल सके और इस दौरान 24.33 की औसत से कुल 9 विकेट अपनी झोली में डाले। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यादव मौका मिलने पर जरूर दमदार प्रदर्शन करना चाहेंगे।

T20 सीरीज के लिए दोनों टीमें
- भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।
- ऑस्ट्रेलिया टीम: एरोन फिंच (कप्तान), स्टीवन स्मिथ, टिम डेविड, ग्लेन मैक्सवेल, एश्टन एगर, कैमरन ग्रीन, डेनियल सैम्स, सीन एबॉट, जोश इंगलिस, मैथ्यू वेड, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, केन रिचर्डसन, एडम जम्पा, नाथन एलिस।












Click it and Unblock the Notifications