U19 World Cup 2024: सेमीफाइनल में कैसे जीती टीम इंडिया? फाइनल से पहले कप्तान उदय सहारन ने किया खुलासा
ICC U19 World Cup 2024: आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। टीम इंडिया ने अजेय रहते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इस जीत के बाद भारत के कप्तान उदय सहारन (Uday Saharan) ने मंगलवार को कहा कि सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करीबी मुकाबले से विजेता बनने से फाइनल मुकाबले में उनकी टीम को काफी हद तक फायदा होगा।
भारत का अब तक टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन रहा है। टीम इंडिया को सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को दो विकेट से हराने के लिए अंत तक संघर्ष करना पड़ा। हालांकि, आखिरी में उनकी मेहनत रंग लाई और टीम इंडिया ने शानदार जीत के साथ फाइनल में एंट्री कर दी है।

क्या बोले कप्तान उदय सहारन
कप्तान उदय सहारन ने मैच के बाद कहा कि, 'फाइनल में पहुंचना बहुत अच्छा अहसास है। हमें करीबी मुकाबलों का अनुभव मिला और फाइनल में यह अच्छा रहेगा। हम ड्रेसिंग रूम में मनोबल को बिल्कुल भी कम नहीं होने देते- हमारा माहौल और कोच हमारे साथ हैं।' इस मैच के लिए सहारन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
सेमीफाइनल मुकाबले में सहारन (81) और सचिन धस (96) ने पांचवें विकेट के लिए 171 रन की शानदार साझेदारी करके भारत को 245 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट पर 32 रन की नाजुक स्थिति से बचाया। दाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने कहा कि वे किसी भी समय दबाव में नहीं थे।
उन्होंने कहा कि, 'हां, एक समय हम काफी पीछे थे, लेकिन हम कहते रहे कि हमें अंत तक बल्लेबाजी करनी है। यह एक साझेदारी की बात थी।' सहारन ने कहा कि भारत की पारी के दौरान पिच बल्लेबाजी के लिए आसान हो गई। उन्होंने कहा कि, 'जब मैं बल्लेबाजी करने आया तो गेंद थोड़ी-थोड़ी हिल रही थी और अच्छा उछाल था। लेकिन बाद में यह (गेंद) बल्ले पर बेहतर तरीके से आने लगी।'
दक्षिण अफ़्रीकी कप्तान जुआन जेम्स ने स्वीकार किया कि उन्हें धस और सहारन के बीच साझेदारी को तोड़ने में संघर्ष करना पड़ा। जेम्स ने कहा कि, 'जब वे बल्लेबाजी कर रहे थे, जब हमने उनके चार विकेट गिरा दिए थे, तब उदय और सचिन ने वास्तव में अच्छी बल्लेबाजी की। यह एक ऐसी चीज है जिसे हमने पूरे टूर्नामेंट (साझेदारी तोड़ने) में संघर्ष किया है। लेकिन हमने कभी हार नहीं मानी।'












Click it and Unblock the Notifications