70 पर 5 आउट होने के बाद तिलक वर्मा का तूफान, भारत ने अंतिम ओवर में जीता मैच, 3 युवा भारतीय बने हीरो
IND vs NZ: क्रिकेट के मैदान पर जब दो मजबूत टीमें आमने-सामने होती हैं, तो रोमांच अपनी चरम सीमा पर होता है। कुछ ऐसा ही नजारा तब देखने को मिला जब भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के सामने दूसरे टी20 में लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी अद्भुत क्षमता का प्रदर्शन किया और मैदान पर संघर्ष की एक धांसू कहानी लिख डाली।
टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करते हुए भारत ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट पर 180 के स्कोर पर रोक दिया। फिलिप्स के बल्ले से 70 रनों की पारी आई। टीम इंडिया के सामने लक्ष्य आसान नहीं था और बैटिंग के दौरान यह साबित भी हो गया।

विकेट पतन के बाद आया तूफ़ान
चेज की शुरुआत में भारतीय पारी की कमान संभालने उतरे बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरने की कोशिश की। पारी के शुरुआती दौर में संजू सैमसन ने क्रीज पर टिककर 17 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 14 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों का सामना करते हुए 3 चौकों और 1 छक्के के साथ 27 रनों की उपयोगी पारी खेली। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने 8 गेंदों में 4 रन जोड़े और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 11 गेंदों में 7 रन बनाकर पारी को आगे बढ़ाने का प्रयास किया।
टीम इंडिया का विकेट पतन रुका ही नहीं, अक्षर पटेल ने 9 गेंदों में 1 छक्के की मदद से 11 रन बनाए और टीम इंडिया का स्कोर 5 विकेट पर 70 रन था. असली तूफान आना अभी बाकी था। तिलक वर्मा ने मैदान पर कदम रखते ही अपने तेवर दिखा दिए। तिलक वर्मा ने महज 26 गेंदों में 6 शानदार चौकों और 1 छक्के की आतिशी मदद से नाबाद 51 रनों की तूफानी पारी खेलकर न्यूजीलैंड का सपना तोड़ दिया, जिसने टीम को संकट से पूरी तरह बाहर निकाल लिया।
नीचे के तीन खिलाड़ी हीरो बने
तिलक वर्मा का बखूबी साथ निभाया नमन धीर ने, जिन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 17 गेंदों में 1 चौके और 3 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 31 रनों की धमाकेदार पारी खेली, पिछले मैच में भी उन्होंने नाबाद 42 रन जड़े थे। पारी के अंतिम पलों में नीतीश कुमार रेड्डी ने भी अपने तेवर दिखाते हुए सिर्फ 13 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से नाबाद 26 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस तरह भारत ने अंतिम ओवर में एक गेंद शेष रहते 6 विकेट पर 181 रन बनाकर एक मुश्किल लक्ष्य हासिल कर लिया। सीरीज में भारतीय टीम दो मैच जीतकर आगे है। तीन में से एक मैच और जीतने पर टीम इंडिया सीरीज पर कब्जा जमा लेगी। भारत की जीत के हीरो नीचे से नमन धीर, तिलक वर्मा और नितीश रेड्डी रहे।


Click it and Unblock the Notifications
