Temba Bavuma Returns Home: वर्ल्ड कप 2023 से पहले स्वदेश लौटे टेम्बा बावुमा, जानें अब कौन संभालेगा टीम की कमान
World Cup 2023: आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 से पहले खेले जाने वाले दो अभ्यास मैचों के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम अपने कप्तान टेम्बा बावुमा (Temba Bavuma) के बिना मैदान पर उतरेगी। दरअसल, बावुमा पारिवारिक कारणों से घर वापस लौट गए हैं। 25 सितंबर को साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम भारत पहुंची थी, लेकिन दो ही दिन बाद कप्तान को लौटना पड़ा है।
प्रैक्टिस मैच में शामिल नहीं हो सकेंगे कप्तान टेम्बा बावुमा
बावुमा की अनुपस्थिति में एडेन मार्कराम दक्षिण अफ्रीका का नेतृत्व करेंगे और टीम अपना पहला प्रैक्टिस मैच 29 सितंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 2 अक्टूबर को उनका मैच न्यूजीलैंड से होगा। दोनों मैच तिरुवनंतपुरम में होंगे। कप्तान को वर्ल्ड कप से पहले अभ्यास मैच खेलने का मौका नहीं मिल सकेगा।

श्रीलंका के खिलाफ मैच से पहले टीम में हो जाएंगे शामिल
हालांकि, बावुमा कथित तौर पर 7 अक्टूबर को नई दिल्ली में श्रीलंका के खिलाफ वनडे वर्ल्ड कप के पहले मैच से पहले भारत में अपने साथियों के साथ फिर से जुड़ जाएंगे। 33 वर्षीय खिलाड़ी को इस महीने पहले ही चोटें लग चुकी हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच के बाद उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया, जिस दौरान उन्होंने शतक बनाया, इसके बाद वह दूसरे और तीसरे मैच में नहीं खेले।
हालांकि, जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें चौथे वनडे के लिए आराम दिया गया था, लेकिन पांचवें और अंतिम मैच के लिए उन्हें फिट घोषित कर दिया गया। बावुमा के नेतृत्व में टीम 25 सितंबर को भारत पहुंची थी।
एकदिवसीय विश्व कप के लिए दक्षिण अफ्रीका टीम
टेम्बा बावुमा (कप्तान), गेराल्ड कोएत्ज़ी, क्विंटन डी कॉक, रीज़ा हेंड्रिक्स, मार्को जानसन, हेनरिक क्लासेन, केशव महाराज, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एंडिले फेहलुकवायो, कैगिसो रबाडा, तबरेज़ शम्सी , रासी वैन डेर डुसेन, लिजाड विलियम्स।












Click it and Unblock the Notifications