पूरे करियर में 37 रन बनाने वाले Tejashwi Yadav होंगे हिट या हिटविकेट? जानिए क्या कहते हैं एग्जिट पोल के नतीजे
Bihar Election Exit Poll, Tejashwi Yadav: बिहार चुनाव में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने जमकर सुर्खियां बटोरने का काम किया। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए दोनों फेज की वोटिंग खत्म हो चुकी है। क्या राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव इस बार बिहार में हिट होंगे या हिट विकेट हो जाएंगे? चुनाव खत्म होने के बाद चाणक्या स्ट्रैटीजीज के एग्जिट पोल में आरजेडी को 75 से 80 सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है।
क्रिकेट से तेजस्वी यादव का है गहरा नाता (Bihar Election Exit Poll, Tejashwi Yadav)
तेजस्वी यादव अक्सर अपनी शिक्षा को लेकर ट्रोल किए जाते हैं। चुनाव प्रचार के दौरान जब उनसे इस बारे में सवाल किया गया तो तेजस्वी ने अपना क्रिकेटर होने का अतीत याद दिलाया, जिस पर अक्सर कम ध्यान दिया जाता है। एक इंटरव्यू में तेजस्वी यादव ने यह कहकर सबको चौंका दिया था कि भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली उनकी कप्तानी में खेल चुके हैं।

मजबूरी में छोड़ना पड़ा था क्रिकेट
जी मीडिया के इंटरव्यू में तेजस्वी ने कहा था कि मैं एक क्रिकेटर था और कोई भी इस बारे में बात नहीं करता। विराट कोहली मेरी कप्तानी में खेले, क्या किसी ने कभी इस बारे में बात की? वे ऐसा क्यों नहीं करते? उन्होंने आगे बताया कि टीम इंडिया के कई खिलाड़ी उनके बैचमेट रहे हैं। तेजस्वी ने खुलासा किया कि उन्हें क्रिकेट मजबूरी में छोड़ना पड़ा क्योंकि उनके दोनों लिगामेंट फ्रैक्चर हो गए थे।
ऐसा रहा तेजस्वी का क्रिकेटिंग करियर
34 वर्षीय तेजस्वी यादव का क्रिकेटिंग करियर आकड़ों के हिसाब से भले ही छोटा रहा हो, लेकिन उन्होंने पेशेवर क्रिकेट खेला है। उन्होंने एक फर्स्ट क्लास मैच, दो लिस्ट ए मैच और चार टी20 मुकाबले खेले हैं। तेजस्वी ने 2009 में झारखंड के लिए डेब्यू किया था। बल्लेबाजी में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 20 और लिस्ट ए में 14 रन दर्ज हैं। टी20 की एक पारी में उन्होंने 3 रन बनाए। यानी उन्होंने अपने पूरे करियर में सिर्फ 37 रन बनाए हैं।
तेजस्वी की कप्तानी में खेल चुके हैं कोहली
वह आईपीएल टीम दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) का भी हिस्सा रह चुके हैं, हालांकि उन्हें प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका नहीं मिला। विराट कोहली और तेजस्वी यादव का क्रिकेट कनेक्शन उनके एज-ग्रुप क्रिकेट से जुड़ा है। विराट कोहली दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते थे और तेजस्वी ने भी अपने एज ग्रुप का क्रिकेट दिल्ली के लिए ही खेला है। इसी दौरान विराट कोहली ने तेजस्वी की कप्तानी में खेला था।
तेजस्वी यादव ने 2013 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद पूरी तरह राजनीति में कदम रखा। क्रिकेट खेलने के दौरान ही उन्होंने 2010 में अपनी पार्टी आरजेडी के लिए प्रचार शुरू कर दिया था। 2015 में वह चुनाव जीते और बिहार के उपमुख्यमंत्री का पद भी संभाला।












Click it and Unblock the Notifications