90 के दशक वाली पाकिस्तान के नक्शे कदम पर चल रही है Team India, पूर्व कप्तान ने BCCI को चेताया
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम (Team India) की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया गया है।
नई दिल्ली, जुलाई 31: जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम (Team India) की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। कप्तान रोहित शर्मा समेत टीम के कई सीनियर खिलाड़ियों को फिर से ब्रेक मिला है। इनमें हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, विराट कोहली और मोहम्मद शमी जैसे नाम शामिल है। वहीं, शिखर धवन को टीम की कमान सौंपी गई है। धवन ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में भी टीम की कप्तानी की थी। इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ का ऐसा कहना है कि भारतीय टीम 90 के दशक वाली पाकिस्तान के नक्शे कदम पर चल रही है।
ये भी पढ़ें- 9 महीने का बेटा होने के बाद पैट कमिंस ने 3 साल बड़ी गर्लफ्रेंड संग रचाई शादी, बेहद दिलचस्प है लव स्टोरी

इस साल आजमाए 7 कप्तान
इस साल 7 अलग-अलग खिलाड़ी इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया की कप्तानी कर चुके हैं। हर सीरीज के बाद सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जा रहा है। इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के बाद सिर्फ श्रीलंका ऐसी टीम है, जिन्होंने एक साल में 7 कप्तानों का इस्तेमाल किया है। लतीफ का ऐसा मानना है कि पाकिस्तान की टीम भी 1990 के दशक में ऐसा ही कर चुकी है और इससे उनकी टीम को नुकसान पहुंचा था।

बैकअप कप्तान बना रहा है भारत
अपने यूट्यूब चैनल पर पूर्व पाकिस्तानी कप्तान राशिद लतीफ ने कहा, ''हर कोई बैकअप के बारे में बात करता है, लेकिन उन्होंने पिछले एक साल में 7 बैकअप कप्तान बनाए हैं। मैं भारत के इतिहास में पहली बार ऐसा देख रहा हूं। विराट कोहली, केएल राहुल, रोहित शर्मा, शिखर धवन, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह... वे वही गलती दोहरा रहे हैं जो 1990 के दशक में पाकिस्तान ने की थी।''

टीम का बैटिंग ऑर्डर बेहाल
उन्होंने आगे कहा, ''उन्हें कोई मजबूत सलामी बल्लेबाज नहीं मिला और न ही टीम के पास स्थिर मिडिल ऑर्डर है। उन्हें बस एक नया कैप्टन चाहिए। कोई भी कप्तान उनके लिए लगातार नहीं खेल रहा है। केएल राहुल फिलहाल अनफिट हैं, इससे पहले रोहित अनफिट थे। विराट मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। ऐसे में उन्हें इस बारे में सोचना होगा। वे इतने सारे कप्तान बदल रहे हैं। उन्हें सौरव गांगुली, महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली जैसे लीडर की जरूरत है।''

क्यों बदलने पड़े कप्तान
- साल की शुरुआत में भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के दौरे पर थी, तब विराट कोहली टीम के कप्तान थे। कोहली टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच से पहले चोटिल हो गए थे, जिसके बाद केएल राहुल ने टीम की कमान संभाली थी। इस तरह इस सीरीज में भारत के दो कप्तान रहे।
- इस दौरे के बाद कोहली ने कप्तानी छोड़ दी थी, जिसके बाद रोहित शर्मा को टेस्ट टीम का कैप्टन बनाया गया था। रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट टीम की कमान संभाली और इस साल भारत के तीसरे कप्तान बने।
- IPL-15 के बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 मैचों की घरेलू टी20 सीरीज में ऋषभ पंत को टीम की कप्तानी सौंपी गई। पंत इस साल भारत के चौथे कप्तान बने।
- आयरलैंड दौरे पर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को कप्तानी की जिम्मेदरी सौंपी गई। उसी समय टीम इंडिया इंग्लैंड के दौरे पर थी, जहां एजबेस्टन में रिशेड्यूल पांचवां मैच खेला जाना था, इस मुकाबले के शुरू होने से पहले रोहित शर्मा कोरोना के चपेट में आ गए और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को टीम इंडिया की कप्तानी करने का मौका मिला।
- फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए शिखर धवन को टीम अगुआई सौंपी गई। अब जिम्बाब्वे दौरे पर भी वही टीम का नेतृत्व करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications