T20 World Cup में खेलना मेरा सपना है! यशस्वी जायसवाल ने सलेक्टर्स को भेजा मैसेज, क्या पूरी होगी ख्वाहिश?
T20 World Cup Yashasvi Jaiswal: भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे यशस्वी जायसवाल ने वनडे में शतक जड़ एक बार फिर अपना दमखम दिखाया। जायसवाल टेस्ट फॉर्मेट में भले ही नियमित रूप से खेल रहे हों, लेकिन वनडे और टी20 क्रिकेट में उन्हें अभी भी लगातार मौके मिलने का इंतजार है। युवा बल्लेबाज ने सीमित अवसरों में ही अपनी प्रतिभा का परिचय दे दिया है, लेकिन भारतीय टीम में मौजूद कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते उन्हें अक्सर बेंच पर बैठना पड़ता है।
भविष्य की योजनाओं पर बोले जायसवाल (T20 World Cup Yashasvi Jaiswal)
हाल ही में 'एजेंडा आज तक समिट' में बोलते हुए जायसवाल ने अपने सपनों और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि मेरा सपना टी-20 वर्ल्ड कप खेलना है, लेकिन मैं अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करता हूं और अपने समय का इंतज़ार करूंगा। जायसवाल ने साबित कर दिया है कि वह हर फॉर्मेट के खिलाड़ी हैं।

वनडे और टी-20 में भी दिखा चुके हैं दम
इसी साल फरवरी में वनडे डेब्यू करने के बाद उन्होंने चार मैचों में 171 रन बनाए हैं, जिसमें एक शानदार नाबाद शतक भी शामिल है। साल 2023 में टी20 डेब्यू के बाद उन्होंने 22 पारियों में 164.31 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 723 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि, भारतीय टीम में टॉप ऑर्डर में अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल और संजू सैमसन जैसे धुरंधर मौजूद हैं।
क्या राजस्थान के लिए करेंगे कप्तानी
जायसवाल से पूछा गया कि क्या वह भविष्य में भारतीय टीम की कप्तानी करना चाहेंगे। उन्होंने सीधे जवाब दिया कि हां, अगर मुझे मौका मिलता है तो मैं भारत का नेतृत्व करना चाहूंगा। उनकी यह इच्छा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संदर्भ में भी अहम है। उनकी फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स (RR) को अगले सीजन के लिए एक नए कप्तान की तलाश है, क्योंकि संजू सैमसन को चेन्नई सुपर किंग्स में ट्रेड कर दिया गया है।
जायसवाल कप्तानी के दावेदारों में से एक होंगे, हालांकि रवींद्र जडेजा, रियान पराग और ध्रुव जुरेल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों से उन्हें कड़ी टक्कर मिल सकती है। फिलहाल, 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका में होने वाले अगले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में जगह बनाना जायसवाल का मुख्य लक्ष्य है।












Click it and Unblock the Notifications