T20 World Cup के लिए 'भारतीय ए' टीम का ऐलान, तिलक वर्मा की वापसी, कौन बना कप्तान?
T20 World Cup 2026, India A squad: टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडिया 'ए' टीम की घोषणा कर दी है। युवा बल्लेबाज आयुष बडोनी को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। यह टीम वर्ल्ड कप के मुख्य टूर्नामेंट से पहले दो अहम अभ्यास मैच खेलेगी। टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान अंतरराष्ट्रीय टीमों के खिलाफ भारतीय बेंच स्ट्रेंथ की परीक्षा होगी।
तिलक वर्मा की वापसी, टीम को राहत (T20 World Cup 2026, India A squad)
इस टीम चयन की सबसे बड़ी खबर तिलक वर्मा की वापसी है। रणजी ट्रॉफी के दौरान गंभीर चोट के बाद सर्जरी से गुजरे तिलक को बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सलेंस (CoE) ने फिट घोषित कर दिया है। तिलक वर्मा सोमवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में अमेरिका (USA) के खिलाफ होने वाले पहले वॉर्म-अप मैच में खेलेंगे। इस मैच के बाद वह मुख्य टीम के साथ जुड़ जाएंगे। उनकी वापसी भारतीय मिडल ऑर्डर के लिए एक राहत भरी खबर है।

इन खिलाड़ियों को मिला मौका
15 सदस्यीय इस टीम में आईपीएल के उन खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी गई है जिन्होंने पिछले सीजन में अपनी छाप छोड़ी थी। तेज गेंदबाज मयंक यादव अपनी रफ्तार के साथ वापसी कर रहे हैं, जबकि स्पिन विभाग की जिम्मेदारी रवि बिश्नोई के कंधों पर होगी। टीम में नमन धीर, विपराज निगम, आशुतोष शर्मा और रियान पराग जैसे आक्रामक खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। रियान पराग भी कंधे की चोट से उबरने के बाद मैदान पर लौट रहे हैं।
इन दो टीमों से होगा सामना
ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को फिलहाल टीम में जगह नहीं मिली है। वह अभी भी अपनी पुरानी चोट से उबर रहे हैं और जल्द ही उनका फिटनेस टेस्ट होना है। टीम प्रबंधन उन्हें मुख्य टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह फिट होने का समय दे रहा है। इंडिया 'ए' अपना पहला मुकाबला सोमवार को नवी मुंबई में अमेरिका के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद टीम बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सलेंस (CoE) में शुक्रवार को नामीबिया से भिड़ेगी।
टी-20 वर्ल्ड कप के लिए इंडिया 'ए' की टीम: आयुष बडोनी (कप्तान), नमन धीर, आशुतोष शर्मा, प्रियांश आर्य, एन. जगदीसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, रियान पराग, मानव सुथार, अशोक शर्मा, उर्विल पटेल (विकेटकीपर), गुरजपनीत सिंह, विपराज निगम, रवि बिश्नोई, खलील अहमद, मयंक यादव।












Click it and Unblock the Notifications