T20 World Cup: संजू सैमसन की रिकॉर्डतोड़ पारी, विराट कोहली को पछाड़ हुए इमोशनल, जीत के बाद छलका दर्द!
T20 World Cup semifinal Sanju Samson: ईडन गार्डन्स के मैदान पर रविवार को भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफलता हासिल की। वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो के सुपर-8 मुकाबले में संजू सैमसन ने 97 रनों की नाबाद पारी खेलकर भारत को टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचाया। इसके साथ ही उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के एक बड़े रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
कोहली का रिकॉर्ड ध्वस्त संजू ने किया कमाल (T20 World Cup semifinal Sanju Samson)
196 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए संजू सैमसन ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन नमूना पेश किया। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के सफल लक्ष्य का पीछा करते हुए किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था, जिन्होंने 2016 में ऑस्ट्रेलिया (मोहाली) और 2022 में पाकिस्तान (मेलबर्न) के खिलाफ नाबाद 82 रन बनाए थे।

सैमसन बने जीत के हीरो
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 195/4 का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। भारत की शुरुआत खराब रही और अभिषेक शर्मा व ईशान किशन जल्दी पवेलियन लौट गए। ऐसे समय में सैमसन ने पारी को संभाला। उन्होंने सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा (27) और हार्दिक पांड्या (17) के साथ छोटी लेकिन अहम साझेदारियां कर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। अंतिम ओवर में रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर विजयी चौका जड़कर उन्होंने 19.2 ओवर में जीत सुनिश्चित की।
मैच के बाद इमोशनल नजर आए संजू
मैच के बाद 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने सैमसन इमोशनल नजर आए। इयान बिशप से बातचीत में उन्होंने अपनी बातों को शेयर किया। सैमसन ने कहा कि मैने अपने पूरे करियर में उतार-चढ़ाव देखे हैं। कई बार मुझे खुद पर शक होने लगा था कि क्या मैं कभी देश के लिए ऐसी पारी खेल पाऊंगा? लेकिन मैंने खुद पर विश्वास बनाए रखा। आज का दिन मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है।
सैमसन ने आगे बताया कि भले ही उन्होंने भारत के लिए कम मैच खेले हों, लेकिन डगआउट में बैठकर विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों को मैच फिनिश करते देखना उनके लिए सबसे बड़ी सीख रही।












Click it and Unblock the Notifications