T20 World Cup: भारत की जीत से बौखलाए मोहम्मद आमिर! लगाया बेईमानी का आरोप तो फैंस ने दिखाया आईना
T20 World Cup semifinal Mohammad Amir: ईडन गार्डन्स के मैदान पर रविवार को खेले गए एक हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। 196 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की इस जीत के नायक संजू सैमसन रहे, जिन्होंने नाबाद 97 रनों की पारी खेलकर इतिहास रच दिया।
संजू सैमसन ने दिलाई भारत को जीत (T20 World Cup semifinal Mohammad Amir)
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के सस्ते में आउट होने के बाद स्कोर 41/2 था और स्टेडियम में तनाव साफ देखा जा सकता था। ऐसे कठिन समय में संजू सैमसन ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने मात्र 50 गेंदों में 12 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 97 रन बनाए। इसके साथ ही सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में सफल रन-चेज के दौरान विराट कोहली के सर्वाधिक स्कोर (82*) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

मोहम्मद आमिर हो रहे हैं ट्रोल
भारत की इस सफलता के बाद पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर सोशल मीडिया पर फैंस के निशाने पर आ गए हैं। दरअसल, टूर्नामेंट की शुरुआत में आमिर ने एक टीवी शो ('हारना मना है') पर दावा किया था कि पाकिस्तान क्वालीफाई करे न करे, भारत टॉप-4 में नहीं पहुंचेगा। भारत की सेमीफाइनल एंट्री ने उनके इस दावे को पूरी तरह गलत साबित कर दिया है।
भारतीय टीम पर आमिर ने लगाए गंभीर आरोप
अपनी भविष्यवाणी गलत साबित होने के बाद आमिर ने अब एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। एक पाकिस्तानी टीवी चैनल पर चर्चा के दौरान उन्होंने वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर के विकेट को 'विवादास्पद' करार दिया। आमिर का आरोप है किअगर हेटमायर को उस तरह गलत आउट न दिया जाता, तो नतीजा कुछ और हो सकता था। भारत यह मैच हार सकता था।
इंग्लैंड से होगा सामना
भारत की यह जीत 2016 के टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल की हार का बदला भी है, जहां वेस्टइंडीज ने भारत को मुंबई में टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। इस बार कोलकाता में भारत ने हिसाब बराबर कर लिया है। अब टीम इंडिया गुरुवार, 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गत चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल में उतरेगी।












Click it and Unblock the Notifications