IND vs PAK: 'भारत के खिलाफ फिर करेंगे कमाल', पाकिस्तान के ऑलराउंडर को है टीम पर यकीन
T20 World Cup 2022 India vs Pakistan: पाकिस्तान के उप कप्तान शादाब खान भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए पूरी तरह कॉन्फिडेंट है कि वह इस मैच में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। यह मुकाबला कल यानी 23 अक्टूबर रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में देखने को मिलेगा। जिओ न्यूज के साथ एक इंटरव्यू के दौरान इस ऑलराउंडर ने कहा कि पाकिस्तान की टीम ने भारत के खिलाफ पहले भी अच्छा प्रदर्शन किया है और एक और अच्छा प्रदर्शन हो सकता है।

हम उसी चीज को फिर से दोहरा सकते हैं
शादाब कहते हैं, हमने हाल ही में उनके खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है जिससे हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है। मुझे यकीन है कि हम उसी चीज को फिर से दोहरा सकते हैं। हमने भारत के खिलाफ जो खेल खेले हैं उससे मुझे एक और अच्छे खेल की पूरी उम्मीद है।
24 साल के इस खिलाड़ी का अपनी परफॉर्मेंस पर भी यकीन है और वे कहते हैं कि जिस भी पोजीशन पर टीम उनको बैटिंग करने के लिए भेजेगी वे वहां जाएंगे। शादाब ने कहा, इससे पहले मैं ऊपर बैटिंग करता था और मुझे लगता है कि मैं वहां परफॉर्म कर सकता हूं। नवाज के साथ भी यही बात है। हम दोनों किसी भी पोजीशन पर बल्लेबाजी करने को उत्सुक रहते हैं। एक ऑलराउंडर के तौर पर मैं खेल के तीनों डिपार्टमेंट को इंजॉय करता हूं। मेरा काम यही है कि मैं किसी भी पोजीशन पर तैयार रहूं और मैच में कभी भी बॉलिंग के लिए भी मुस्तैद रहूं।

40 ओवर का पूरा मैच हो पाता है या फिर नहीं
भारत और पाकिस्तान की टीमें अपने विश्व कप सुपर 12 अभियान की शुरुआत ही एक दूसरे के खिलाफ खेलकर कर रही है लेकिन मेलबर्न में मौसम खराब है। वहां बारिश के चांस हैं जिसके चलते यह देखना होगा कि भारत और पाकिस्तान के बीच 40 ओवर का पूरा मैच हो पाता है या फिर नहीं। अगर मैच समय पर हो पाया तो यह भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू हो जाएगा।

भारत घटे हुए ओवरों के लिए तैयार
इससे पहले भारत के कप्तान रोहित शर्मा कह चुके हैं कि अगर यह मैच घटे हुए ओवरों का भी होता है तो भी टीम इंडिया के लिए तैयार है। रोहित ने कहा, अच्छी बात यह है कि हमने हाल ही में भारत में 8 ओवरों का एक मुकाबला खेला था। अगर यह मैच 10 ओवर का भी होता है या फिर एक टीम को 5 ओवर भी खेलने को मिलते हैं तो भी हम इसके लिए तैयार रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications