Explained: क्यों टेबल टॉपर 4 टीमों को 1 ही ग्रुप में रखा गया? सुपर 8 में चारों के बीच टक्कर का अजीब नियम
T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक पड़ाव यानी 'सुपर-8' में पहुंच चुका है। टूर्नामेंट के इस चरण का गणित देखकर हर कोई हैरान है। इस बार नजारा कुछ और है। भारत, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज जैसी टीमें, जो अपने-अपने ग्रुप में पहले स्थान पर रहीं, वे सब अब एक ही ग्रुप (ग्रुप-1) में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। आखिर ऐसा क्यों हुआ? आइए इसे आसान भाषा में समझते हैं।
इस उलझन की सबसे बड़ी वजह आईसीसी का प्री-सीडिंग (Pre-Seeding) नियम है। दरअसल, टूर्नामेंट शुरू होने से बहुत पहले ही आईसीसी ने रैंकिंग और लॉजिस्टिक्स के आधार पर यह तय कर दिया था कि कौन सी टीम किस ग्रुप में जाएगी। इसका मतलब यह है कि ग्रुप स्टेज में आपकी परफॉरमेंस चाहे जो भी हो, आप पहले नंबर पर रहें या दूसरे पर, आपकी सुपर-8 की जगह पहले से ही रिजर्व थी।

आईसीसी ने ग्रुप-1 के लिए भारत, ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका को 'सीड' किया था। चूंकि जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर उलटफेर किया और उनकी जगह ली, इसलिए जिम्बाब्वे भी इसी ग्रुप में शामिल हो गया। यही कारण है कि ग्रुप स्टेज की चारों सबसे सफल टीमें अब एक ही ग्रुप में एक-दूसरे का रास्ता रोकेंगी।
क्यों बनाया गया ऐसा नियम?
भारत जैसे बड़े देश के मैच किस दिन और किस शहर में होंगे, यह पहले से तय होना जरूरी था। इससे टीवी चैनल्स को विज्ञापन बेचने और आईसीसी को शेड्यूल मैनेज करने में आसानी होती है। अगर वेन्यू पहले से फिक्स न हो, तो फैंस के लिए आखिरी वक्त पर टिकट बुक करना और यात्रा करना बहुत मुश्किल हो जाता है। प्री-सीडिंग की वजह से फैंस को महीनों पहले पता होता है कि उनकी टीम सुपर-8 में कहां खेलेगी। पाकिस्तान के मैच पहले से ही श्रीलंका में होने तय थे।
ग्रुप 1 में हर टीम के लिए कड़ा मुकाबला
अब ग्रुप-1 में मुकाबला बेहद कड़ा हो गया है। भारत, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे चारों टीमें अब तक इस वर्ल्ड कप में अजेय रही हैं। लेकिन अब इनमें से केवल दो ही टीमें सेमीफाइनल तक पहुंच पाएंगी। इसका मतलब है कि दो बड़ी और मजबूत टीमों का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। भारत का पहला बड़ा इम्तिहान 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होगा, जो तय करेगा कि सेमीफाइनल की राह कितनी आसान या मुश्किल होने वाली है। हर टीम के लिए सुपर आठ में मुकाबला करो या मरो वाला होगा।












Click it and Unblock the Notifications