T20 World Cup: संजू सैमसन भारतीय प्लेइंग-11 से होंगे बाहर! अभिषेक के साथ कौन होगा ओपनर?
T20 World Cup 2026 Sanju Samson: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज में अब कुछ ही दिनों का समय बचा है। भारतीय टीम के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन की फॉर्म एक गंभीर चिंता का विषय बन गई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में संपन्न हुई पांच मैचों की टी20 सीरीज में सैमसन को खुद को साबित करने के पर्याप्त अवसर मिले, लेकिन उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को निराश किया है।
बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए सैमसन (T20 World Cup 2026 Sanju Samson)
संजू सैमसन के लिए कीवी टीम के खिलाफ यह सीरीज किसी बुरे सपने जैसी रही। उन्होंने सीरीज के सभी 5 मैचों में शिरकत की, लेकिन केवल 46 रन बना सके। इस दौरान उनका औसत महज 9.20 का रहा। सबसे ज्यादा निराशा उनके फैंस को सीरीज के पांचवें और आखिरी मैच में हुई, जो सैमसन के घरेलू मैदान पर खेला गया था। अपने घर में खेलते हुए भी सैमसन 6 गेंदों में केवल 6 रन बनाकर आउट हो गए, जिसमें उनके बल्ले से सिर्फ एक चौका निकला।

सुनील गावस्कर ने दी बेबाक राय
सैमसन की इस खराब फॉर्म पर पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने बेबाक राय दी है। एक स्पोर्ट्स चैनल से बात करते हुए गावस्कर ने कहा कि चयन समिति ने सैमसन को काफी मौके दिए हैं, लेकिन अब समय हाथ से निकलता जा रहा है। गावस्कर के अनुसार ईशान किशन की हालिया पारियों और तिलक वर्मा की संभावित वापसी के बाद अब बल्लेबाजी क्रम काफी हद तक तय नजर आ रहा है। यदि तिलक वर्मा पूरी तरह फिट होते हैं तो मुझे नहीं लगता कि 7 फरवरी (वर्ल्ड कप मैच) को सैमसन प्लेइंग-11 का हिस्सा होंगे।
तिलक वर्मा की वापसी लगभग तय
भारतीय टीम के लिए राहत की खबर यह है कि युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को बीसीसीआई (BCCI) के चिकित्सा दल से 'फिटनेस क्लीयरेंस' मिल गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, तिलक वर्ल्ड कप से पहले होने वाले वॉर्म-अप मैचों में हिस्सा लेंगे। तिलक की वापसी से मध्यक्रम में मजबूती आएगी, जिससे सैमसन के लिए टीम में जगह बनाए रखना और भी चुनौतीपूर्ण हो जाएगा। सैमसन के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 57 मैचों की 49 पारियों में 1078 रन बनाए हैं। उनके नाम इस प्रारूप में 3 शतक और 3 अर्धशतक दर्ज हैं, और उनका स्ट्राइक रेट 147.46 का रहा है।












Click it and Unblock the Notifications