T20 World Cup से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका, मैच विनर खिलाड़ी को लगी चोट! मंडराया बाहर होने का खतरा
T20 World Cup 2026 Pakistan Team: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों में जुटी पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए एक बेहद बुरी खबर सामने आई है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही बिग बैश लीग (BBL) के दौरान चोटिल हो गए हैं। शनिवार यानी 27 दिसंबर को ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर एडिलेड स्ट्राइकर्स के खिलाफ मैच के दौरान शाहीन को अपने दाहिने घुटने में तकलीफ के कारण मैदान छोड़ना पड़ा।
मैच के दौरान लगी चोट (T20 World Cup 2026 Pakistan Team)
मैच के 14वें ओवर में जब एडिलेड स्ट्राइकर्स की टीम लक्ष्य का पीछा कर रही थी, तब जेमी ओवरटन ने मिड-ऑन की दिशा में एक जोरदार शॉट खेला। मिड-ऑन पर तैनात शाहीन अफरीदी ने गेंद को रोकने के लिए दौड़ लगाई, लेकिन इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह लड़खड़ाने लगे। दर्द से कराहते हुए शाहीन ने तुरंत अपने दाहिने घुटने की ओर इशारा किया।

पाकिस्तान को लगा बड़ा झटका
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वह अपना ओवर पूरा किए बिना ही मैदान से बाहर चले गए। इस मैच में उन्होंने 3 ओवरों में 26 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। पाकिस्तान के लिए यह चोट किसी बुरे सपने से कम नहीं है। शाहीन न केवल टीम के मुख्य गेंदबाज हैं, बल्कि शुरुआती ओवरों में विकेट चटकाने की उनकी क्षमता टीम के लिए बेहद अहम है।
साल 2009 के बाद नहीं जीता टी-20 वर्ल्ड कप
पाकिस्तान ने 2009 के बाद से कोई टी20 वर्ल्ड कप खिताब नहीं जीता है। 17 साल के इस सूखे को खत्म करने के लिए पाकिस्तान की उम्मीदें काफी हद तक शाहीन की फिटनेस पर टिकी थीं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान का अभियान 7 फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड के खिलाफ शुरू होगा। इसके बाद 10 फरवरी को अमेरिका और 15 फरवरी को भारत के खिलाफ महामुकाबला होना है।
शाहीन के लिए मौजूदा समय काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। चोट से पहले भी उनका फॉर्म चिंता का विषय था। इस टूर्नामेंट के 4 मैचों में वह केवल 2 विकेट ले पाए हैं और उनका इकोनॉमी रेट 11.19 का रहा है। इससे पहले मेलबर्न रेनेगेड्स के खिलाफ मैच में फिटनेस के कारण उन्हें गेंदबाजी से भी हटा दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications