BCCI को लगने वाला है बड़ा झटका? T20 विश्व कप के बीच में कोलकाता से छिन सकता है सेमीफाइनल मैच
T20 World Cup 2026: क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले ईडन गार्डन्स में टी20 विश्व कप 2026 का सेमीफाइनल देखने की उम्मीद लगाए बैठे फैंस के लिए मायूस करने वाली खबर है। आईसीसी (ICC) के ताज़ा वेन्यू शेड्यूल और रणनीतिक बदलावों के कारण कोलकाता के हाथों से सेमीफाइनल मैच फिसल सकता है। अब यह मैच कोलकाता के बजाय श्रीलंका के कोलंबो में शिफ्ट होने की कगार पर है।
दरअसल सेमीफाइनल-1 के लिए आईसीसी ने एक 'फ्लोटिंग अरेंजमेंट' रखा है। नियम के मुताबिक, अगर पाकिस्तान या श्रीलंका में से कोई भी टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करती है, तो पहला सेमीफाइनल कोलकाता के बजाय कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा।

कैसे फंसा है मामला
यदि पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुँचता है, तो वह हर हाल में कोलंबो में ही खेलेगा। अगर श्रीलंका क्वालीफाई करता है और उसका सामना भारत के अलावा किसी और टीम से होता है, तब भी मैच कोलंबो में ही होगा।
कोलकाता को कब मिलेगा मैच?
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में सेमीफाइनल तभी होगा जब पाकिस्तान और श्रीलंका दोनों टीमें सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो जाएं। ऐसी स्थिति में ग्रुप-1 की टॉप टीम और ग्रुप-2 की नंबर-2 टीम के बीच मुकाबला कोलकाता में आयोजित किया जाएगा।
मुंबई का सेमीफाइनल पक्का
जहां एक तरफ कोलकाता पर तलवार लटकी है, वहीं मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम सुरक्षित है। दूसरा सेमीफाइनल वहीं खेला जाना तय है। खास बात यह है कि अगर भारत और श्रीलंका के बीच सेमीफाइनल होता है, तो वह मैच कोलंबो के बजाय मुंबई में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
फैंस में निराशा
कोलकाता के क्रिकेट प्रेमी इस खबर से काफी निराश हैं। ईडन गार्डन्स अपनी क्षमता और माहौल के लिए दुनिया भर में मशहूर है, लेकिन टूर्नामेंट के हाइब्रिड मॉडल और मेजबान देशों (भारत-श्रीलंका) के आपसी हितों के कारण कोलकाता को यह नुकसान उठाना पड़ सकता है। अगर ऐसा होता है, तो फैंस के साथ ही बीसीसीआई के लिए भी एक बड़ा झटका होगा।












Click it and Unblock the Notifications