T20 World Cup 2026: क्या पाकिस्तान की एक गलती से बांग्लादेश की लगेगी लॉटरी? ICC का धांसू प्लान आया सामने!
T20 World Cup 2026 Pakistan Boycott: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के बीच तनाव चरम पर है। पाकिस्तान के टूर्नामेंट से बहिष्कार की खबरों के बीच अब एक नया मोड़ सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक यदि पाकिस्तान अपनी धमकी पर अमल करते हुए टूर्नामेंट से हटता है तो ICC उनकी जगह बांग्लादेश को मुख्य ड्रा में वापस शामिल कर सकता है।
बांग्लादेश के बाहर होने पर पाकिस्तान ने उठाया सवाल? (T20 World Cup 2026 Pakistan Boycott)
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार कर दिया। बांग्लादेश ने अपने मैच श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की। ICC ने इस मांग को खारिज करते हुए बांग्लादेश को स्कॉटलैंड से रिप्लेस कर दिया। पाकिस्तान के पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने इसे 'दोहरा मापदंड' करार दिया है। उनका तर्क है कि जब भारतीय टीम ने पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी खेलने से मना किया था, तब ICC ने हाइब्रिड मॉडल अपनाते हुए मैच श्रीलंका शिफ्ट कर दिए थे, लेकिन बांग्लादेश के मामले में ऐसा क्यों नहीं किया गया?

पाकिस्तान की जगह होगी बांग्लादेश की वापसी
ICC के लिए सबसे बड़ी चुनौती टूर्नामेंट के शेड्यूल और ब्रॉडकास्ट रेवेन्यू को बचाना है। दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान के सभी ग्रुप मैच पहले से ही हाइब्रिड मॉडल के तहत श्रीलंका में निर्धारित हैं। यदि पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटता है तो बांग्लादेश को उनकी जगह ग्रुप-A में शामिल करना तार्किक रूप से आसान होगा। इससे बांग्लादेश की 'न्यूट्रल वेन्यू' (श्रीलंका) पर खेलने की मांग भी स्वतः पूरी हो जाएगी और लॉजिस्टिक संबंधी चुनौतियां भी कम होंगी।
पाकिस्तान को होगा बड़ा नुकसान
रिपोर्ट्स के अनुसार, ICC ने पाकिस्तान को संभावित बहिष्कार के गंभीर परिणामों से अवगत करा दिया है। यदि पाकिस्तान पीछे हटता है, तो उन पर द्विपक्षीय सीरीज और एशिया कप जैसे मल्टी-नेशनल इवेंट्स से प्रतिबंध लग सकता है। अन्य बोर्डों द्वारा पाकिस्तानी में दूसरे देशों के खिलाड़ियों को PSL के लिए NOC नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा पाकिस्तान बोर्ड को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।
सोमवार को पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात कर इस स्थिति पर चर्चा की। नकवी के अनुसार प्रधानमंत्री ने सभी विकल्पों को खुला रखने का निर्देश दिया है और अंतिम फैसला आगामी शुक्रवार या सोमवार तक लिया जाएगा। हालांकि, जानकारों का मानना है कि बहिष्कार के गंभीर नुकसानों को देखते हुए पाकिस्तान का पूरी तरह टूर्नामेंट से हटना मुश्किल लग रहा है।












Click it and Unblock the Notifications