कभी कोहली को दिखाई थीं आंखें, अब किस्मत ने दिया धोखा! अचानक T20 World Cup से बाहर हुआ ये दिग्गज
T20 World Cup 2026 News: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले अफगानिस्तान की टीम को एक बहुत बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज नवीन उल हक आगामी आईसीसी टी20 विश्व कप से बाहर हो गए हैं। गुरुवार को आई रिपोर्ट्स के अनुसार नवीन उल हक वर्ल्ड कप के अलावा अगले हफ्ते वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज का हिस्सा भी नहीं बन पाएंगे।
टूटा वर्ल्ड कप खेलने का सपना (T20 World Cup 2026 News)
नवीन उल हक लंबे समय से फिटनेस की समस्या से जूझ रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने दिसंबर 2024 के बाद से अफगानिस्तान के लिए कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। हालांकि, वे दुनिया भर की लीग जैसे SA20 और मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में खेलते हुए नजर आए थे, लेकिन कंधे की पुरानी चोट ने उन्हें फिर से परेशान कर दिया। इसी चोट की वजह से वे एशिया कप से भी दूर रहे थे और अब वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच से बाहर होना उनके करियर के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

मैदान पर कोहली से हुई थी झड़प
नवीन उल हक का नाम भारत में उस समय घर-घर तक पहुंच गया था, जब IPL 2023 के दौरान उनकी भिड़ंत 'किंग' विराट कोहली से हुई थी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के मैच के दौरान मैदान पर नवीन और कोहली के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। यह विवाद इतना बढ़ गया था कि मैच के बाद हाथ मिलाते समय भी दोनों के बीच तनाव साफ दिखा।
अब कौन लेगा नवीन की जगह?
इसके बाद महीनों तक सोशल मीडिया पर 'मैंगो वॉर' और कमेंट्स का सिलसिला चला था। हालांकि, 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में दोनों ने हाथ मिलाते हुए इस विवाद को खत्म कर दिया था, लेकिन नवीन को आज भी फैंस उसी विवाद के संदर्भ में याद करते हैं। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने अभी तक आधिकारिक तौर पर नवीन के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है।
हालांकि, स्टैंडबाय खिलाड़ियों की सूची में मिस्ट्री स्पिनर एएम गजनफर, बल्लेबाज इजाज अहमदजई और तेज गेंदबाज जिया उर रहमान शरीफी के नाम शामिल हैं। नवीन की गैरमौजूदगी में अफगानिस्तान की गेंदबाजी की धार थोड़ी कम हो सकती है, क्योंकि वे डेथ ओवरों में अपनी स्लोअर गेंदों और सटीक यॉर्कर के लिए जाने जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications