T20 World Cup 2024 का शेड्यूल जारी, जानें कब, कहां खेला जाएगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला
T20 World Cup 2024 Schedule: टी20 वर्ल्ड कप इस साल वेस्टइंडीज और यूएसए में खेला जाएगा। आईसीसी ने वर्ल्ड कप के लिए फुल शेड्यूल जारी कर दिया है। इस टूर्नामेंट में पहली बार 20 टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 01 जून को खेला जाएगा। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच यूएसए और कनाडा के बीच खेला जाएगा।
टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का मैच कब है?
भारत टी20 विश्व कप 2024 के दौरान 9 जून को न्यूयॉर्क में पाकिस्तान से भिड़ेगा, लेकिन इससे पहले भारत अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए 5 जून को न्यूयॉर्क में आयरिश टीम से भिड़ेगा। पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बाद 12 जून को न्यूयॉर्क में संयुक्त राज्य अमेरिका का सामना करेगा, और फिर भारत अपने अंतिम ग्रुप स्टेज गेम में कनाडा का सामना करने के लिए फ्लोरिडा जाएगा। भारत के सभी मैच रात 8:30 बजे से खेले जाएंगे।

ग्रुप स्टेज में भारत के लिए टी20 विश्व कप 2024 का शेड्यूल
- 5 जून को भारत बनाम आयरलैंड (न्यूयॉर्क)
- 9 जून को भारत बनाम पाकिस्तान (न्यूयॉर्क)
- 12 जून को भारत बनाम यूएसए (न्यूयॉर्क)
- 15 जून को भारत बनाम कनाडा (फ्लोरिडा)
टी20 विश्व कप में कुल 20 टीमें भाग लेंगी
संयुक्त राज्य अमेरिका और वेस्ट इंडीज में आयोजित होने वाले 2024 टी20 विश्व कप में कुल 20 टीमें भाग लेंगी। टीमों को पांच-पांच के चार ग्रुप में विभाजित किया गया है। प्रत्येक ग्रुप की टॉप दो टीमें सुपर 8 राउंड में आगे बढ़ेंगी। सुपर 8 स्टेज में, टीमों को चार-चार के दो ग्रुप में विभाजित किया जाएगा, जिनमें से प्रत्येक ग्रुप के टॉप दो देश नॉकआउट स्टेज के लिए क्वालिफाई करेंगी, जिसमें दो सेमीफाइनल और फाइनल शामिल हैं।
टी20 विश्व कप 2024 के लिए कौन-सी टीम किस ग्रुप में
टी20 विश्व कप 2024 के लिए भारत को ग्रुप ए में पाकिस्तान, अमेरिका, कनाडा और आयरलैंड के साथ रखा गया है।ग्रुप बी में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, नामीबिया, स्कॉटलैंड और ओमान को रखा गया। ग्रुप सी में न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, अफगानिस्तान, युगांडा और पापुआ न्यू गिनी को शामिल किया गया है, जबकि ग्रुप डी में दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, बांग्लादेश, नीदरलैंड और नेपाल को रखा गया है।
टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल बारबाडोस में होने की संभावना
अगर भारत सुपर 8 स्टेज के लिए क्वालीफाई करता है, तो उनका पहला मैच 20 जून को बारबाडोस में होगा। उम्मीद है कि भारतीय टीम अपने सभी सुपर 8 मैच वेस्टइंडीज में खेलेगी। टी20 विश्व कप 2024 के दो सेमीफाइनल 26 और 27 जून को होंगे और प्रतियोगिता का शिखर मुकाबला 29 जून को बारबाडोस में हो सकता है।
रोहित शर्मा और विराट कोहली टी20 वर्ल्ड कप खेलने के इच्छुक
पीटीआई की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय स्टार रोहित शर्मा और विराट कोहली टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम का हिस्सा बनने के इच्छुक हैं। रोहित और कोहली दोनों ने नवंबर 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप सेमीफाइनल के बाद से भारत के लिए सबसे छोटे प्रारूप में नहीं खेला है। इसी रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि टी20 विश्व कप 2024 को ध्यान में रखते हुए आईपीएल के दौरान कुल 30 खिलाड़ियों पर नजर रखी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications