टी-20 टोटका : लगातार जीत से अच्छा एक मैच हारना !
टी-20 क्रिकेट का सबसे छोटा प्रारूप है। इसमें अच्छी बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग ही मायने रखती है। लेकिन भाग्य, संयोग और टोटकों का भी अपना महत्व है। 2007 के टी-20 विश्वकप में भारत का पहला मैच स्कॉटलैंड से था। लेकिन बारिश कारण यह रद्द हो गया था। ये मैच भारत जीत सकता था। लेकिन उसे एक अंक बांटने पर मजबूर होना पड़ा। सुपर 8 के पहले मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 10 रनों से हरा दिया। इसके बावजूद भारत विश्वविजेता बना। 2014 के विश्वकप में भारत ने लगातार पांच मैच जीत कर फाइनल में में जगह बनायी थी। प्रतियोगिता में वह एक भी मैच नहीं हारा था। सब लोग कह रहे थे भारत विश्वकप जीतेगा। लेकिन फाइनल में उसे श्रीलंका ने हरा दिया। यदि 2022 के विश्वकप में 2007 की तरह हालात हों तो क्या भारत फिर विश्वविजेता बन सकता है ? क्या किस्मत कनेक्शन से एक और वर्ल्ड कप मिल सकता है ?

कभी-कभी हार भी है शगुन!
वैसे जीत हमेशा अच्छी होती है। लेकिन कभी कभी हार से भी शगुन बन जाता है। 2007 की तरह अगर भारत इस बार सुपर 12 के स्टेज पर एक मैच हार जाए या रद्द हो जाए तो क्या वह दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीत सकता है ? 2007 में भारत ने ग्रुप मुकाबले में पाकिस्तान को बेहद रोमांचक बॉल आउट में हराया था। 2022 के शुरुआती मैच में भी भारत ने पाकिस्तान को काफी कश्मकश के बाद आखिरी गेंद पर हराया। यानी भारत ने इस बार भी एक तरह से हारा हुआ मैच जीता। ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे मौजूदा टी-20 विश्वकप में अभी तक चार मैच बारिश के रद्द हो चुके हैं। टी-20 विश्वकप में मैच रद्द होने का यह नया रिकॉर्ड है। आगे मौसम का मिजाज कैसा रहता है, कहना मुश्किल। मैच रद्द होने से दोनों टीमों को एक एक मिलते हैं। इससे अंक तालिका का समीकरण बदल जाता है।
बारिश भी बदल देती है किस्मत
दक्षिण अफ्रीका भारत के ग्रुप में है। मैच रद्द होने के कारण दक्षिण अफ्रीका को जिम्बाब्वे के साथ एक अंक बांटना पड़ा है। भारत को अभी तीन और ग्रुप मैच खेलने हैं। अगर बारिश से भारत का कोई एक मैच रद्द हो जाए तो क्या 2007 का टोटका काम आ सकता है ? 2007 में भारत का पहला मैच (स्कॉटलैंड) ही बारिश में धुल गया था। बारिश कैसे किस्मत बदल देती है यह 1992 (एकदिवसीय विश्व कप) के वाकये से समझा जा सकता है। पाकिस्तान वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला मैच ही हार गया था। दूसरे मैच में उसे जीत मिली। तीसरे मैच में वह इंग्लैंड के खिलाफ केवल 74 रन पर आउट हो गया। हार बिल्कुल उसके सामने खड़ी थी। हारने का मतलब था प्रतियोगिता से बाहर होना। इंग्लैंड के 8 ओवर में एक विकेट पर 24 रन बने थे कि बारिश आ गयी। मैच रद्द हो गया। जो मैच पाकिस्तान हार रहा था उसमें उसे एक अंक मिल गया। इसी एक अंक ने उसे सेमीफाइनल में पहुंचा दिया था। आखिरकार वह विश्वकप जीतने में सफल रहा था। पाकिस्तान अपने खेल से अधिक किस्मत की मेहरबानी से विश्वविजेता बना था।
ग्रुप एक की स्थिति पर निर्भर भारत का मैच
2022 के विश्व कप में अगर भारत सेमीफाइनल में पहुंचता है तो आगे क्या संभावना होगी ? सेमीफाइनल में भारत की भिड़ंत किसी टीम से होगी, यह ग्रुप एक की अंक तालिका पर निर्भर करेगा। ग्रुप एक में इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान- आयरलैंड का मैच बारिश में धुल गया है। इसके पहले अफगानिस्तान- न्यूजीलैंड का मैच भी बारिश की भेंट चढ़ गया था। अफगानिस्तान इस मामले में सबसे बदनसीब साबित हुआ। उसके दो मैच रद्द हो गये। यानी ग्रुप एक में खिलाड़ियों से अधिक बारिश खेल रही है। ऐसी स्थिति में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों को खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। अगर दो टीमों के अंक समान होते हैं तब रन रेट से स्थान का निर्धारण होगा। किस्मत किसको कहां ले जाएगी, कुछ कहा नहीं जा सकता।
न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड में सेमीफाइनल की होड़
इस ग्रुप में न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड के बीच पहले दो स्थान की होड़ है। इसमें आयरलैंड एक ऐसी टीम है जो कभी भी बड़ा उलटफेर कर सकती है। वह दो बार की विश्वविजेता वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हरा कर तहलका मचा चुकी है। ऑस्ट्रेलिया के तीन मैचों से 3 अंक हैं। 31 अक्टूबर को उसका मुकाबला आयरलैंड से है। 4 नवम्बर को ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत अफगानिस्तान से होगी। अफगानिस्तान की टीम भी धमाका कर सकती है। फिंच एंड कंपनी की किस्मत इन दो मैचों पर निर्भर है। इंग्लैंड भी तीन मैच खेल कर 3 अंक ही जुटा पाया है। उसे 1 नवम्बर को न्यूजीलैंड के खिलाफ और 5 नवम्बर को श्रीलंका के खिलाफ खेलना है।
सेमीफाइनल में भारत किससे खेल सकता है ?
इंग्लैंड की तुलना में ऑस्ट्रेलिया के बाकी दो मैच अपेक्षाकृत आसान हैं। वैसे टी-20 में जब जिम्बाब्वे पाकिस्तान को हरा सकता है तो कुछ भी हो सकता है। अगर आयरलैंड और अफगानिस्तान ने कोई करिश्मा नहीं किया तो ऑस्ट्रेलिया की सेमीफाइनल राह आसान दिख रही है। इस ग्रुप से न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के सेमीफाइनल में जाने की संभावना है। अगर भारत अपने ग्रुप में पहले स्थान पर रहता है तो उसकी भिड़ंत ग्रुप एक की उपविजेता से होगी। हो सकता है कि इस ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर रहे। तब ऐसी स्थिति में भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा। अगर भारत कोई ग्रुप मैच हारता है तो वह दूसरे स्थान आ सकता है। तब सेमीफाइनल में उसे न्यूजीलैंड से खेलना पड़ सकता है। अगर ऐसा होता है तो भारत के लिए ज्यादा अनुकूल स्थितियां होंगी।












Click it and Unblock the Notifications