T20 WC: पाकिस्तानी टीम के चयन से नाखुश शोएब अख्तर चीफ सिलेक्टर पर भड़के, बोले-एवरेज लोगों का..
किस्तान क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को टी20 विश्वकप 2022 के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया।
नई दिल्ली, 16 सितंबर: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को टी20 विश्वकप 2022 के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया। इस मेगा इवेंट के लिए शाहीन अफरीदी की टीम में वापसी हो रही है, वहीं स्क्वॉड में शान मसूद को भी शामिल किया गया है। मसूद ने अभी तक अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है। इसके अलावा हैदर अली को भी दिसंबर 2021 के बाद टीम में जगह मिली है। हालांकि पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर इस टीम के चयन से नाखुश हैं। वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ सिलेक्टर मोहम्मद वसीम और वर्तमान हेड कोच सकलैन मुश्ताक पर जमकर बरसे।

खराब फैसले लिए गए
शुक्रवार को अपने यूट्यूब चैनल पर अख्तर ने कहा कि पाकिस्तान को मिडिल ऑर्डर की समस्या को सुलझाना था। हाल ही में एशिया कप 2022 के दौरान श्रीलंका की युवा टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को मात दी थी। लेकिन इसके बाद भी अक्टूबर में शुरू होने वाले टी20 विश्वकप टीम के चयन में कई खराब फैसले लिए गए हैं। शोएब अख्तर ने टीम में फखर जमान को नहीं चुने जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा वह ऑस्ट्रेलिया में अच्छी बल्लेबाजी करेगा लेकिन बाबर आजम को ओपनिंग से नहीं हटना है।

मिडिल ऑर्डर चेंज ही नहीं
'जब चीफ सिलेक्टर एवरेज होता तो उसके फैसले भी एवरेज होंगे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने क्या टीम सिलेक्ट की है। प्रॉब्लम मिडिल ऑर्डर में थी लेकिन उन्होंने कहा कि हम लगातार ऐसे डिसीजन करेंगे जो आपको बड़े पसंद आएंगे। मतलब हम लोग ऐसा बुरा डिसीजन करेंगे कि मिडिल ऑर्डर चेंज ही नहीं करेंगे। फखर जमान को ऑस्ट्रेलिया सूट करेगा। लेकिन बाबर आजम को ऊपर ही रखना।'

हमारा कप्तान भी तैयार नहीं
उन्होंने कहा, "सकलैन मुश्ताक ने आखिरी बार 2002 में क्रिकेट खेला था, मैं यह नहीं कहना चाहता क्योंकि वह मेरा दोस्त है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि उसे टी 20 क्रिकेट के बारे में कोई जानकारी है। मुझे नहीं लगता कि यह आपकी खूबी है। इस बीच मोहम्मद युसूफ भी टीम में नहीं हैं। अगर वह वहां होते तो हमारी बल्लेबाजी प्रदर्शन कैसे नहीं कर पाती? इफ्तिखार अहमद मिस्बाह पार्ट टू हैं। माशाअल्लाह हमारे पास रिजवान था और अब उसके पास कंपनी के लिए इफ्तिखार है। इस टीम के साथ हम पहले दौर में ही बाहर हो सकते हैं। मैं वास्तव में डरा हुआ हूं क्योंकि हमारी बल्लेबाजी में गहराई नहीं है। हमारा कप्तान भी इस फॉर्मेट के लिए तैयार नहीं है क्योंकि वह हमेशा क्लासिक कवर ड्राइव की तलाश में रहता है। वह क्लासिक दिखना चाहता है।"

टी20 विश्वकप के लिए पाकिस्तानी टीम
बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उपकप्तान), आसिफ अली, हैदरी अली, हारिस रऊफ, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, शाहीन शाह अफरीदी, शान मसूद, उस्मान कादिर।
रिजर्व खिलाड़ी- फखर जमां, शाहनवाज दहानी और मोहम्मद हारिस।












Click it and Unblock the Notifications