ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक में एक खिलाड़ी है 'ऑटोमेटिक सिलेक्ट', गावस्कर ने बताया उसका नाम
दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत के बीच में किसको चुना जाए यह एक ऐसी बहस है जिसका कोई अंत दिखाई नहीं देता है। अब भारत के बल्लेबाज दिग्गज सुनील गावस्कर ने इन दोनों विकेटकीपर बल्लेबाजों में अपनी पसंद के बारे में बात की है। इस समय आईसीसी T20 वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया में जारी है जहां टीम इंडिया वार्म-अप मैच के दौर में चल रही है और दिनेश कार्तिक को पंत की जगह पर प्लेइंग इलेवन में जगह मिली है। एक दिलचस्प तथ्य यह भी है कि ऋषभ पंत टीम के टॉप के छह बल्लेबाजों में एकमात्र बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं पर फिर भी इस अपनी जगह मजबूत नहीं कर पाए हैं।

ऋषभ पंत की पारी के बारे में सभी जानते हैं
गाबा में ऋषभ पंत की पारी के बारे में सभी जानते हैं जो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में पिछली टेस्ट सीरीज के दौरान खेली थी। ऑस्ट्रेलिया का यह मजबूत किला ढाहने में उनकी बड़ी अहम भूमिका थी और जब टीम इंडिया ने उसी जगह पर ऑस्ट्रेलिया के ही खिलाफ प्रैक्टिस मैच खेला तो पंत टीम में नहीं थे। इतना ही नहीं उनको अपने घुटने के आसपास एक आइस पैक बांधे हुए भी देखा गया तो जाहिर है कि अनुभवी दिनेश कार्तिक ने ही विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी निभाई।

वह आपकी टीम में ऑटोमैटिक च्वॉइस बन जाता है
इस मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन के बारे में बात करते हुए सुनील गावस्कर ने भी पंत की उस जादुई पारी को याद किया। स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए उन्होंने बताया, ये मैच हमें निश्चित तौर पर एक संकेत दे रहे हैं, ये वो जगह है जहां उसने इतिहास रचा था, वह और भारतीय टीम चौती पारी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज जीतने के लिए 330 रनों का टारगेट चेज कर रहे थे। तो ये वो मैदान है जहां पर वो (पंत) खेलते हुए खुश होगा। दुख की बात है कि यहां पर कोई वर्ल्ड कप मैच नहीं है। लेकिन अगर वो यहां पर रन बनाता, अगर वो ठीक बैटिंग करता, अगर उसको बैटिंग का मौका मिले और वह तेज 20 या 30 रन बना दे तो वह आपकी टीम में ऑटोमैटिक च्वॉइस बन जाता है।

पंत को कार्तिक की तुलना में वरीयता क्यों देनी चाहिए
दिग्गज गावस्कर ने यह भी बताया कि पंत को कार्तिक की तुलना में वरीयता क्यों देनी चाहिए। उन्होंने कहा, क्योंकि आपने कहा कि एक बाए हाथ का बल्लेबाज विपक्षी गेंदबाजी और विपक्षी कप्तान के प्लान में फर्क पैदा कर सकता है। आप इन सब चीजों को ध्यान में रखकर अपनी प्लेइंग 11 चुनते हो। और अगर आप एक बाए हाथ के बल्लेबाज हो जो पंत की तरह बढ़िया बैटिंग करते हो, तो आप उसको चुनोगे।
अब भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को मात देकर अच्छी शुरुआत की है। अगला वार्मअप मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ होगा जो बुधवार को खेला जाएगा। फिर भारत 23 अक्टूबर को अपने अभियान की शुरुआत करेगा जब मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में पाकिस्तान के खिलाफ मैच होगा।












Click it and Unblock the Notifications