IND vs PAK: पाकिस्तान से 2021 की हार का बदला लेना नहीं होगा आसान, इन 3 चुनौतियों से पाना होगा पार
India vs Pakistan T20 World Cup टी20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत का पहला मुकाबला 23 अक्टूबर को चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से है। दोनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ विश्व कप में अपने सफर का आगाज करेंगी। दोनों ही मुल्कों में इस मैच को लेकर जबरदस्त तैयारियां चल रही हैं। वैसे तो इस मैच से पहले टीम इंडिया मोस्ट फेवरेट टीम मानी जा रही है, लेकिन पाकिस्तान को हल्के में लेने की गलती भारत को बहुत भारी पड़ सकती है, क्योंकि पाकिस्तान इस वक्त जबरदस्त फॉर्म में है। साथ ही भारत के जहन में 2021 विश्व कप की हार भी ताजा होगी। ऐसे में उस हार का बदला भी टीम इंडिया लेना चाहेगी।

इन 3 चुनौतियों से जीतना होगा भारत को
भारत के लिए 2021 टी20 विश्व कप की हार का बदला लेना इतना आसान नहीं होगा, क्योंकि पाकिस्तान इस विश्व कप को जीतने के लिए प्रबल दावेदार मानी जा रही है। ऐसे में भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ उतरने से पहले विरोधी टीम की 3 मजबूत कड़ियों के बारे में जान लेना आवश्यक होगा। आपको हम इस आर्टिकल के जरिए उन 3 कारणों के बारे में बता रहे हैं, जो पाकिस्तान के खिलाफ भारत की हार का कारण बन सकते हैं।

बाबर और रिजवान का शानदार फॉर्म
पाकिस्तान की यह ओपनिंग जोड़ी इस वक्त खतरनाक फॉर्म में है। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की ओपनिंग जोड़ी किसी भी टीम के गेंदबाजों की बक्खियां उधेड़ने का दमखम रखती हैं। एशिया कप में बुरी तरह फ्लॉप रहे बाबर आजम अब फॉर्म में लौट आए हैं और उन्होंने पहले इंग्लैंड के खिलाफ और अब न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में अपनी फॉर्म का प्रदर्शन कर दिया है। वहीं मोहम्मद रिजवान का बल्ला तो आग उगल रहा है। इस जोड़ी ने 37 पारियों में 54.2 की औसत से बैटिंग करते हुए 1897 रन बनाए हैं। 2021 के टी20 विश्व कप में रिजवान और बाबर की अहम पार्टनरशिफ की बदौलत ही पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था। मोहम्मद रिजवान का बल्ला तो भारत के खिलाफ अक्सर मौकों पर चला ही है। ऐसे में भारतीय टीम के लिए सबसे पहली चुनौती तो पाकिस्तान की ओपनिंग जोड़ी ही होगी।

पाकिस्तान का पेस बॉलिंग अटैक रहेगा चैलेंज
गेंदबाजी के लिए तो पाकिस्तान की टीम हमेशा से एक खतरनाक टीम रही है। 23 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले में भारत के लिए पाकिस्तान का पेस बॉलिंग अटैक सबसे ज्यादा चैलेजिंग रहेगा, क्योंकि शाहीन अफरीदी की टीम में वापसी हो गई है, जो एशिया कप में चोट की वजह से नहीं खेल पाए थे। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी भारत के खिलाफ कई मौकों पर घातक गेंदबाजी कर चुके हैं। 2021 टी20 विश्व कप के मैच में शाहीन ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए 31 रन देकर 3 विकेट लिए थे। शाहीन के अलावा हैरिस रऊफ, नसीम शाह और मोहम्मद हुसनैन भी चुनौती बनकर सामने आ सकते हैं। हैरिस राऊफ ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में घातक गेंदबाजी की थी। उन्होंने सीरीज में 8 विकेट लिए थे।

डेथ ओवर्स में खलेगी बुमराह की कमी
पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप के आगाज से पहले भारतीय टीम को एक बड़ा झटका जसप्रीत बुमराह के रूप में लगा है। वर्ल्ड कप से ठीक पहले बुमराह चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं, जिसके बाद भारत का बॉलिंग अटैक थोड़ा कमजोर नजर आ रहा है, क्योंकि जो गेंदबाज टीम में हैं भी वो डेथ ओवर्स में बहुत महंगे साबित हो रहे हैं। ऐसे में बुमराह की कमी डेथ ओवर्स में खल सकती है जबकि पाकिस्तानी बल्लेबाजों के लिए बुमराह का न होना राहत भरी खबर हो सकती है। वर्ल्ड कप से पहले कुछ मैचों में भारतीय गेंदबाजों ने डेथ ओवर्स में खूब रन लुटाए हैं। रन लुटाने वाले गेंदबाजों में भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल और अर्शदीप सिंह का नाम शामिल है। इन तीनों ही गेंदबाजों में से कोई भी डेथ ओवर्स में प्रभावी गेंदबाजी नहीं कर पाया है। एशिया कप में श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ भुवनेश्वर कुमार काफी महंगे साबित हुए थे। उन्होंने 19वें ओवर में खूब रन लुटाए हैं।
ऐसे में यह 3 चुनौतियां 23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ भारत की हार का कारण बन सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications