रोहित-कोहली नहीं वर्ल्ड कप में यह खिलाड़ी मचाएगा धमाल, बल्लेबाजी में औसत है कमाल, स्ट्राइक रेट 170 से ज्यादा
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा साल 2022 में एक बार फिर भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाना चाहेंगे। साल 2007 के बाद भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप एक बार भी नहीं जीत पाई है।
T20 World Cup Suryakumar Yadav: भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा साल 2022 में एक बार फिर भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाना चाहेंगे। साल 2007 के बाद भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप एक बार भी नहीं जीत पाई है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम के पास इस साल वर्ल्ड कप जीतने का बेहतरीन मौका है। वर्ल्ड कप 2022 का आयोजन ऑस्ट्रेलिया में किया जाना है, लिहाजा भारतीय टीम इन दिनों पर्थ में जमकर प्रैक्टिस में जुटी हुई है।

पहला वॉर्म-अप मैच जीता भारत
ऑस्ट्रेलिया में भारतीय टीम ने पहले वॉर्म-अप मैच में जीत हासिल की। सोमवार को वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को 13 रन से जीत हासिल हुई। मुकाबले में रोहित शर्मा के साथ ऋषभ पंत ने पारी का आगाज किया, लेकिन दोनों ही बड़ा स्कोर नहीं बना सके। इस वार्मअप मैच को देखने के लिए काफी संख्या में फैंस स्टेडियम में मौजूद थे जो टीम के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने का काम कर रहे थे।

सूर्याकुमार ने 35 गेंद पर जड़ दिए 52 रन
जहां एक तरफ भारत के सलामी बल्लेबाज फ्लॉप रहे, वहीं सूर्याकुमार यादव ने अपने फॉर्म को बरकरार रखा। सूर्यकुमार यादव ने इस मैच में 35 गेंदों में 52 रनों की पारी खेलकर टीम के स्कोर को 150 के पार पहुंचाया। सूर्या के साथ हार्दिक पांड्या भी लय में नजर आए और उन्होंने 20 गेंद पर 27 रन बनाए। जबकि दीपक हुड्डा 14 गेंदों में 22 रन बनाने में कामयाब रहे।

वर्ल्ड कप में सबसे अहम खिलाड़ी होंगे सूर्या
भारत के लिए सूर्यकुमार यादव इस वर्ल्ड कप सबसे अहम खिलाड़ी साबित होंगे। ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में सूर्यकुमार यादव ने अपने दमदार बल्लेबाजी से सभी को खासा प्रभावित किया था। सूर्यकुमार जिस तरीके की फॉर्म से गुजर रहे हैं, ऐसे में किसी भी टीम के लिए उन्हें रोकना आसान नहीं होगा। उनका टी-20 रिकॉर्ड भी शानदार रहा है।

टी-20 में है कमाल के आंकड़े
सूर्यकुमार ने टी20 में भारत के लिए 34 मैचों की 32 पारियों में 38.7 के औसत और 176.82 के स्ट्राइक रेट से 1045 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और नौ अर्धशतक निकले हैं। अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर में सूर्यकुमार यादव अब तक 93 चौके और 63 छक्के जड़ चुके हैं। सूर्यकुमार की फॉर्म को देखते हुए कहा जा सकता है कि वह टी-20 में भारत के मौजूदा समय के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज हैं।












Click it and Unblock the Notifications