रोहित शर्मा के इस खास रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंचे सूर्यकुमार यादव, 55 गेंदों में ठोक दिए 117 रन
ट्रेंट ब्रिज, जुलाई 10। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में भारत को 17 रन से हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के साथ ही तीन टी20 मैचों की सीरीज 2-1 के साथ खत्म हो गई है। आखिरी मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए भारत की ओर से सबसे अधिक 117 रन बनाए हैं। सूर्यकुमार यादव 55 गेंदों में 117 रन की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 212 से अधिक का रहा। सूर्यकुमार यादव ने अपनी इस पारी में 14 चौके और 6 छक्के लगाए।

रोहित शर्मा के खास रिकॉर्ड के करीब पहुंचे सूर्यकुमार
सूर्यकुमार यादव ने अपनी इस पारी के जरिए एक खास रिकॉर्ड की लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा लिया है। दरअसल, सूर्यकुमार यादव टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। पहले नंबर पर रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ टी20 मैच में 118 रन की पारी खेली थी। रोहित ने 43 गेंदों में 12 चौके और 10 छक्कों की मदद से 118 रन बनाए थे। सूर्यकुमार यादव के बाद इस सूची में तीसरे स्थान पर भी रोहित का ही नाम है। वेस्टइंडीज के खिलाफ रोहित ने 2018 में 111 रन की पारी खेली थी।
टी20 में भारत के लिए शतक लगाने वाले पांच बल्लेबाज यह हैं
आपको बता दें कि सूर्यकुमार यादव से पहले चार भारतीय बल्लेबाज टी20 इंटरनेशनल में शतक लगा चुके हैं। इनमें सबसे पहला नाम आता है सुरेश रैना का, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 2 शतक लगाए हैं। इसके अलावा केएल राहुल (2), रोहित शर्मा (2) और एक शतक दीपक हुड्डा के नाम है।












Click it and Unblock the Notifications