भारतीय खिलाड़ियों पर भड़के गावस्कर, कहा- 'IPL में रेस्ट नहीं लेते, तो टीम इंडिया के लिए क्यों?'
वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते लगातार भारतीय खिलाड़ियों को आराम दिया जा रहा है।
नई दिल्ली, 12 जुलाई: वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते लगातार भारतीय खिलाड़ियों को आराम दिया जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह समेत कई खिलाड़ियों को आराम दिया गया। इसके बाद आयरलैंड दौरे पर भारत की युवा टीम गई। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में कई सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया। अब वेस्टइंडीज दौरे के लिए शिखर धवन को टीम की कमान सौंपी गई, यहां कई वरिष्ठ खिलाड़ी नहीं जाएंगे। ऐसे में पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने इस पर सवाल खड़े किए हैं।

आईपीएल के दौरान ब्रेक नहीं लेते खिलाड़ी
गावस्कर ने कहा कि सीनियर खिलाड़ियों को भारतीय क्रिकेट टीम के इंटरनेशनल कैलेंडर के दौरान ही आराम क्यों मिलता है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी आईपीएल के दौरान ब्रेक नहीं लेते हैं। उन्होंने कहा कि टेस्ट मैच में एक खिलाड़ी के दिमाग और शरीर पर असर पड़ता है, लेकिन खिलाड़ियों को लिमिटेड ओवर क्रिकेट और खासकर टी20 मैच नहीं छोड़ने चाहिए।

टी20 क्रिकेट में आराम ना लें
स्पोर्ट्स तक से बातचीत में गावस्कर ने कहा कि भारत के मुकाबलों के दौरान आराम करने वाले खिलाड़ियों से मैं बिल्कुल भी सहमत नहीं हूं। उन्होंने कहा कि आप आईपीएल के दौरान आराम नहीं करते हैं लेकिन भारत के लिए खेलते समय आराम करते हैं। आपको भारत के लिए भी खेलना है, आराम की बात मत करो। टी 20 में एक पारी में केवल 20 ओवर होते हैं। इससे आपके शरीर पर कोई असर नहीं पड़ता है। टेस्ट मैच में दिमाग और बॉडी पर असर पड़ता है पर टी20 क्रिकेट में ऐसी कोई समस्या नहीं है।

भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज आज से
भारत और इंग्लैंड के बीच रविवार को समाप्त हुई तीन मैचों की टी20 सीरीज पर इंडिया ने 2-1 से कब्जा जमाया। अब दोनों टीमों के बीच 12 जुलाई से 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। सीरीज का पहला मैच केनिंग्टन ओवल, लंदन में खेला जाएगा। इंग्लैंड दौरे के बाद भारतीय टीम वेस्टइंडीज का दौरा करेगी। यहां दोनों टीमों के बीच 3 वनडे और 5 टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। सीरीज का पहला वनडे क्वींस पार्क ओवल, पोर्ट ऑफ स्पेन, त्रिनिदाद में 22 जुलाई को खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications