‘मत पूछो कौन है, कौन नहीं है...', T20 WC की टीम पर सामने आया पूर्व भारतीय कप्तान का रिएक्शन
नई दिल्ली, 13 सितंबर: टी20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए सोमवार को 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। चोट के बाद अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल की टीम में वापसी हुई, जबकि विकेटकीपर ऋषभ पंत को भी वर्ल्ड कप की टीम का हिस्सा बनाया गया। विश्व कप के लिए चुनी गई टीम पर पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) की प्रतिक्रिया सामने आई है।

ये टीम काफी अच्छी है
इंडिया टुडे से बात करते हुए सुनील गावस्कर ने कहा, ''यह काफी अच्छी टीम नजर आ रही है। जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल की वापसी के बाद इस टीम में वो दमखम नजर आ रहा है कि वह अपना टोटल डिफेंड कर सकती है। अभी तक भारत को लक्ष्य का बचाव करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। इन दोनों की वापसी से टीम को मजबूती मिली है। दीपक चाहर टीम में नहीं हैं, लेकिन अर्शदीप सिंह को रिटेन किया गया है। मुझे यह अच्छा सिलेक्शन लग रहा है। टीम सिलेक्शन को लेकर आप हमेशा शिकायत कर सकते हैं। लेकिन अब सिलेक्शन हो चुका है।''

अब कौन है कौन नहीं का सवाल नहीं
गावस्कर ने कहा कि वर्ल्ड कप की टीम में किसको मौका मिला, किसको नहीं अब ये सवाल नहीं बनता। उनके अनुसार, ''यह टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय स्क्वॉड है। तो अब यह मत पूछो कि कौन है टीम में कौन नहीं है। हमें 100 फीसदी इस टीम को बैक करना चाहिए। अब सिलेक्शन हो चुका है, यह हमारी टीम है और हमें इसको पूरी तरह से बैक करना चाहिए।''

रवि को मिलेंगे कई मौके
युवा स्पिनर रवि बिश्नोई को भारतीय टीम में जगह नहीं मिली। बिश्नोई को मोहम्मद शमी, दीपक चाहर और श्रेयस अय्यर के साथ रिजर्व खिलाड़ियों में रखा गया। इस पर गावस्कर ने कहा, ''अभी उम्र उसके साथ है। आने वाले दो साल में फिर टी20 वर्ल्ड कप होना है, फ्यूचर में वह कई टी20 वर्ल्ड कप खेल सकता है। अब उसको ऐसा प्रदर्शन करना है कि वह टीम से ड्रॉप ही नहीं किया जा सके। वह युवा खिलाड़ी है और उसके लिए यह अच्छा एक्सपीरियंस है कि उसे समझ में आए कि वह हर टीम में नहीं हो सकता है।''

वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम
- स्क्वाड - रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह।
- स्टैंडबाय खिलाड़ी - मोहम्मद शमी, श्रेयस अय्यर, रवि बिश्नोई, दीपक चाहर












Click it and Unblock the Notifications