पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों की हरकत पर आगबबूला हुए सुनील गावस्कर, कहा- ऐसे लोगों को भाव देना बंद करो
Sunil Gavaskar on ex-Pakistan players: पाकिस्तान के कई पूर्व खिलाड़ी सोशल मीडिया के जरिए भारतीय टीम पर लगातार टिप्पणी करने का काम करते रहते हैं।

Sunil Gavaskar on ex-Pakistan players: भारतीय क्रिकेट टीम ने पिछले कुछ सालों में दुनियाभर में अपना दबदबा कायम किया है। भारत ने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों को उनके घर पर जाकर मात दी है। पिछली बार ऑस्ट्रेलिया को उसके घर पर हराकर भारत ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। भारत मौजूदा समय में आईसीसी रैंकिंग में तीनों फॉर्मेट की नंबर वन टीम बनी हुई है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों की जमकर प्रशंसा हो रही है।

पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर्स भी देते रहते हैं राय
भारतीय टीम के प्रदर्शन पर दुनियाभर के दिग्गज लगातार अपनी राय देते रहते हैं। पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर्स भी भारत में हो रहे क्रिकेट को लेकर अपनी राय जाहिर करते रहते हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे अर्से से तनाव का माहौल बना हुआ है। यही वजह है कि दोनों देशों के बीच क्रिकेट सीरीज भी बैन है। भारत और पाकिस्तान का सामना आईसीसी के इवेंट्स में ही देखने को मिलता है।

सुनील गावस्कर ने कही बड़ी बात
पाकिस्तान से द्विपक्षीय सीरीज भारत लंबे समय से नहीं खेला है। लेकिन वहां के क्रिकेटर लगातार भारतीय टीम के खिलाड़ियों को लेकर अपनी प्रतिक्रियां जाहिर करते रहे हैं। सोशल मीडिया पर रमीज राजा से लेकर शोएब अख्तर तक मौका मिलने पर भारत की बुराई करते भी पाए गए हैं। पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों की इन हरकतों पर अब पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने एतराज जताया है।

पाकिस्तान से मिले कमेंट को किया जाना चाहिए नजरअंदाज
सुनील गावस्कर ने कहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ी ऐसा सिर्फ सुर्खियां बटोरने के लिए करते हैं। भारत को इन क्रिकेटर्स के बयानों को नजरअंदाज करना चाहिए। खासतौर पर डिजिटल मीडिया को ऐसे लोगों को भाव देना बंद कर देना चाहिए। भारतीय खिलाड़ियों पर बेवजह कमेंट करके पूर्व पाकिस्तानी प्लेयर फॉलोअर हासिल करने की कोशिश करते हैं। अगर भारतीय मीडिया उन्हें लाइमलाइट में लाती है तो इससे उन्हें फायदा पहुंचता है।

भारतीय प्लेयर्स के बारे में कहते हैं भला-बुरा
मिड-डे में लिखे अपने कॉलम में सुनील गावस्कर ने कहा कि भारतीय फैंस से रिस्पांस पाने के लिए कुछ पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी विवादित कमेंट्स करते हैं। ऐसा करने से उनके फॉलोअर्स में बढ़ोतरी होती है। वो जानते हैं कि अगर भारत के वर्तमान या पूर्व खिलाड़ियों के बारे में अपमानजनक बातें कही जाएंगी तो फिर उनके फॉलोअर्स बढ़ जाएंगे और वो इसी ट्रिक पर काम करते हैं। लेकिन हमारी मीडिया को समझना होगा कि ऐसे किसी खिलाड़ी के बयान को ज्यादा सीरियसली नहीं लेना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications