लगातार 4 फ्लॉप गेम के बाद संजू सैमसन पर भड़के सुनील गावस्कर, बताया क्यों हो रहे बार-बार फेल
IND vs NZ: भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज किसी बुरे सपने से कम नहीं रही है। चौथे टी20आई में एक बार फिर सस्ते में पवेलियन लौटने के बाद, पूर्व दिग्गज कप्तान सुनील गावस्कर ने उनके रवैये और तकनीक पर कड़े सवाल खड़े किए हैं।
चौथे टी20 मैच के दौरान कमेंट्री करते हुए गावस्कर ने सैमसन के आउट होने के तरीके को गैर-जिम्मेदाराना करार दिया। उन्होंने सैमसन की गलती की तरफ इशारा किया और बताया कि चूक कहां हो रही है।

गावस्कर ने ऐसा क्या कह दिया
गावस्कर ने कहा कि संजू सैमसन एक टैलेंटेड खिलाड़ी हैं, लेकिन आप केवल हाथों के सहारे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल नहीं हो सकते। मिचेल सेंटनर जैसी स्पिन के खिलाफ उनका फुटवर्क पूरी तरह से गायब था। जब आप लेग स्टंप छोड़कर बाहर निकलते हैं, तो आप गेंदबाज को तीनों स्टंप्स का न्योता दे रहे होते हैं।
गावस्कर ने कहा कि सैमसन को अपने गेम में सुधार करने के लिए पैरों की हलचल पर ध्यान देना ही पड़ेगा। इस सीरीज में दूसरी बार उनको आउट होते हुए देखा गया है, वह जरा भी नहीं हिल पा रहे हैं। उनका मानना है कि यह इस विकेटकीपर के साथ एक गंभीर समस्या हो सकती है।
टीम इंडिया की बैटिंग फ्लॉप (IND vs NZ)
विशाखापट्टनम टी20 में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 215 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। कीवी टीम को टिम साइफर्ट (36 गेंदों पर 62 रन) और डेवन कॉनवे (23 गेंदों पर 44 रन) ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई, जिन्होंने मात्र 8.2 ओवरों में ही 100 रनों की साझेदारी कर ली थी। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने पारी के दूसरे हाफ में शानदार वापसी की।
अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट चटकाकर कीवी टीम की रन गति पर अंकुश लगाया, लेकिन अंत में डेरिल मिचेल की 18 गेंदों पर 39 रनों की आतिशी पारी ने न्यूजीलैंड को सात विकेट पर 215 के स्कोर तक पहुँचा दिया। जवाबी पारी में खेलते हुए भारतीय टीम 165 पर आउट हो गई, शिवम दुबे की तूफानी फिफ्टी बेकार गई।












Click it and Unblock the Notifications