सुनील गावस्कर ने खोली ऑस्ट्रेलिया के दोगलेपन की पोल, सरेआम खरीखोटी सुनाकर किया मुंह बंद
Sunil Gavaskar: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच मैके में खेला गया दूसरा टेस्ट सिर्फ दो दिन में खत्म हो गया। ऑस्ट्रेलिया ने मुकाबला पारी और 51 रन से अपने नाम किया लेकिन मैच के नतीजे से ज्यादा चर्चा उस पिच की हो रही है, जिस पर बल्लेबाजों के लिए रन बनाना बेहद मुश्किल नजर आया।
भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भी मैके की पिच को लेकर सवाल उठाए हैं। स्पोर्टस्टार के लिए लिखे अपने कॉलम में गावस्कर ने टेस्ट क्रिकेट में पिचों को लेकर बरते जाने वाले दोहरे रवैये पर निशाना साधा। उनका कहना है कि अगर भारत में कोई टेस्ट दो दिन में खत्म हो जाए, तो पिच और भारतीय क्रिकेट को लेकर तुरंत सवाल उठने लगते हैं लेकिन ऑस्ट्रेलिया में ऐसा होने पर मामला अलग दिखाई देता है।

दो दिन में खत्म हुआ टेस्ट
मैके टेस्ट में बांग्लादेश की टीम अपनी दोनों पारियों में 100 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी। पहली पारी में टीम सिर्फ 64 रन पर सिमट गई, जबकि दूसरी पारी में 95 रन ही बना सकी। ऑस्ट्रेलिया से सिर्फ कैमरन ग्रीन ने फिफ्टी जड़ी। गावस्कर ने इसी बात को अपने तर्क का आधार बनाया। उनका सवाल है कि अगर परेशानी सिर्फ बल्लेबाजों की तकनीक में थी, तो घरेलू टीम के बल्लेबाज भी उसी पिच पर रन बनाने में क्यों नाकाम रहे?
भारत में ऐसा होता तो क्या होता?
गावस्कर ने पिचों की आलोचना को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा किया। उनका कहना है कि भारत में अगर कोई टेस्ट दो या तीन दिन में खत्म होता है तो पिच, बीसीसीआई और भारतीय क्रिकेट को लेकर तरह-तरह की बातें शुरू हो जाती हैं। ऑस्ट्रेलिया में तेज और ज्यादा उछाल वाली पिच पर मुकाबला जल्दी खत्म होने के बाद भी पिच की चर्चा उसी अंदाज में नहीं होती। गावस्कर ने इसी अंतर को क्रिकेट की दुनिया में मौजूद दोहरे मानदंड से जोड़कर देखा है।ऑस्ट्रेलिया की पिच पर पहले भी उठ चुके हैं सवाल
गावस्कर ने यह भी याद दिलाया कि ऑस्ट्रेलिया में हाल के वर्षों में एक से ज्यादा टेस्ट दो दिन के अंदर खत्म हुए हैं। इसके बावजूद ऐसी पिचों को लेकर वैसी बहस नहीं होती, जैसी भारतीय परिस्थितियों में देखने को मिलती है।
गावस्कर ने टीम मैनेजमेंट पर भी साधा निशाना
उन्होंने सिर्फ पिच की आलोचना तक अपनी बात नहीं रखी। उन्होंने यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलिया के पहले टेस्ट में बांग्लादेश से हारने के बाद तेज और उछाल वाली पिच की उम्मीद की जा सकती थी। उनका इशारा इस बात की ओर था कि घरेलू टीमें अपनी ताकत के हिसाब से परिस्थितियां चाहती हैं। गावस्कर ने भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि भारतीय टीम मैनेजमेंट अपनी गेंदबाजी की ताकत के मुताबिक पिच चाहने की बात को खुलकर स्वीकार करता है, जबकि दूसरे देशों में यह काम पर्दे के पीछे से होता है।


Click it and Unblock the Notifications
