स्टीव स्मिथ 5 साल बाद करेंगे वनडे में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी, एक नजर उनके वनडे में कैप्टेंसी रिकॉर्ड पर
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज 17 मार्च से शुरू हो रही है। इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी स्टीव स्मिथ के हाथों में रहेगी। स्मिथ 5 साल बाद वनडे टीम की कप्तानी करते हुए दिखेंगे।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में टीम इंडिया के हाथों 1-2 से सीरीज गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम अब 17 मार्च से तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। यह सीरीज इस साल भारत में ही होने वाले वनडे विश्व कप के लिहाज से बहुत ही अहम है। इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया टीम की कप्तानी स्टीव स्मिथ के ही हाथों में रहेगी। आपको बता दें कि स्मिथ को पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम का कप्तान बनाया गया है। स्मिथ ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आखिरी दो टेस्ट में भी कप्तानी की थी। अब वो वनडे टीम के भी कप्तान रहेंगे। बता दें कि स्मिथ को 5 साल बाद ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम की कप्तानी मिली है। ऐसे में आइए वनडे में उनके कप्तानी रिकॉर्ड पर एक नजर डालते हैं।
स्टीव स्मिथ की कप्तानी में कितनी बार जीती ऑस्ट्रेलिया
स्टीव स्मिथ ने बतौर कप्तान ऑस्ट्रेलिया के लिए 51 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें से टीम को 25 मैचों में जीत मिली है और 23 में उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा है। स्टीव स्मिथ ने आखिरी बार 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में टीम की कप्तानी की थी। उसके बाद बॉल टैंपरिंग विवाद में फंसने की वजह से उन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था, जिसकी वजह से उनकी कप्तानी भी चली गई। स्टीव स्मिथ वनडे में बतौर कप्तान भारत के खिलाफ भी असरदार साबित हुए हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ बतौर कप्तान 10 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें से 5 में उन्हें जीत मिली है और 5 मैचों में उनकी टीम हारी है।
स्मिथ का बतौर कप्तान बैटिंग रिकॉर्ड
स्टीव स्मिथ का बतौर कप्तान बल्लेबाजी में भी रिकॉर्ड काफी शानदार है। अक्सर कई खिलाड़ी कप्तानी के दबाव में अपना गेम खराब कर बैठते हैं, लेकिन स्मिथ को कप्तानी में बैटिंग करना बहुत रास आता है। उन्होंने बतौर कप्तान जो 51 वनडे खेले हैं, उनमें उन्होंने 45.09 की औसत और 84.96 की स्ट्राइक रेट से 1984 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 12 अर्द्धशतक लगाए हैं। स्मिथ के वनडे करियर की बात करें तो उनका वनडे में 45.11 का औसत है और उनके नाम वनडे में 4917 रन दर्ज हैं। वनडे में स्मिथ ने 12 शतक और 29 हाफ सेंचुरी लगाई हैं।












Click it and Unblock the Notifications