विराट कोहली और स्टीव स्मिथ के टेस्ट रिकॉर्ड पर एक नजर, आंकड़ों में कौन है बेहतर बल्लेबाज
विराट कोहली और स्टीव स्मिथ (Virat Kohli vs Steve Smith) दो ऑल टाइम ग्रेट बल्लेबाजों में एक है। एक को सभी फॉर्मेट में महानतम बल्लेबाजों में एक के तौर पर गिना जाता है और दूसरे को टेस्ट क्रिकेट में डॉन ब्रैडमैन के बाद बेस्ट बल्लेबाज कहा जाता है।
दोनों ने हीं अपने अपने देशों के लिए काफी मैच जिताने वाली पारी खेली है। स्टीव स्मिथ ने आईसीसी की तीन बड़ी ट्रॉफी जीती हुई हैं। उन्होंने 2015 में वर्ल्ड कप जीता था, 2021 में T20 वर्ल्ड कप जीता था और हाल ही में 2023 की विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप जीती है।

विराट कोहली ने 2011 के विश्व कप के अलावा 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। स्टीव स्मिथ टेस्ट क्रिकेट में काफी दमदार खिलाड़ी दिखाई देते हैं और एशेज में भी उनका प्रदर्शन दमदार है, जबकि विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीती है लेकिन स्टीव स्मिथ ने भारत में कोई टेस्ट सीरीज अभी तक नहीं जीती है।
विराट कोहली ने टेस्ट मैचों में 48 की औसत के साथ 8479 रन बनाए हैं जिसमें 28 शतक के साथ इतने ही अर्धशतक लगाए हैं। स्टीव स्मिथ ने 101 टेस्ट मैचों में 9137 रन बनाए हैं जिसमें उनका औसत 58 का है और उनके नाम 32 शतक हैं।
5 हजार टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ियों में स्मिथ का औसत डॉन ब्रैडमैन के 99.94 के औसत के बाद बेस्ट है जो 58.4 का है। ओवरसीज हालातों की बात करें तो स्टीव स्मिथ ने विदेशी टेस्ट मैचों में 54.59 की औसत से बल्लेबाजी की है जिसमें 16 शतक लगाए हैं। विराट कोहली यहां पर काफी पीछे रह जाते हैं क्योंकि उन्होंने भारत से बाहर 59 टेस्ट मैचों में 14 शतक के साथ केवल 41 का औसत निकाला है।
दोनों ही बल्लेबाज अपने घर पर विपक्षियों के खिलाफ टूट पड़ते हैं। ऑस्ट्रेलिया में स्टीव स्मिथ का 16 शतक के साथ 64 का औसत है, जबकि विराट कोहली का औसत भारत में 14 शतक के साथ 60 का है।
ये भी पढ़ें- 'ये उन बॉलर्स के साथ नाइंसाफी होगी जो...', क्या उमरान मलिक हैं टेस्ट के लिए रेडी? जानिए ईशांत ने क्या कहा
स्टीव स्मिथ और विराट कोहली ने एक दूसरे का सामना करते हुए 15 टेस्ट मैच खेले हैं। इन 15 टेस्ट मैचों में स्टीव स्मिथ ने 69 के औसत के साथ 7 शतक लगाते हुए 1603 रन बनाए हैं। विराट कोहली एक बार फिर से पीछे रह जाते हैं जिन्होंने 50 के औसत के साथ 5 शतक लगाते हुए 1319 रन ही बनाए हैं।
आंकड़े स्टीव स्मिथ के पक्ष में है और आम तौर पर यह धारणा सही दिखाई देती है कि वह टेस्ट मैचों में कोहली की तुलना में बेहतर बल्लेबाज है। हालांकि दोनों को ही आज के दौर के महानतम बल्लेबाजों में एक के तौर पर गिना जाता है। कोहली सभी फॉर्मेट में बहुत बड़े खिलाड़ी के तौर पर उभरते हैं। स्टीव स्मिथ की तकनीक थोड़ी अजीबोगरीब है लेकिन वे विराट कोहली की तुलना में टेस्ट क्रिकेट में कहीं अधिक प्रभावशाली है।












Click it and Unblock the Notifications