भारत को मिल सकती है Asia Cup की मेजबानी, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने खड़े किए हाथ!
एशिया कप (Asia Cup) को लेकर बड़ी अपटेड सामने आ रही है।
नई दिल्ली, जुलाई 21: एशिया कप (Asia Cup) को लेकर बड़ी अपटेड सामने आ रही है। दरअसल, श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने कथित तौर पर पुष्टि की है कि वह देश में चल रहे राजनीतिक और आर्थिक संकट के कारण आगामी एशिया कप 2022 की मेजबानी करने की स्थिति में नहीं है। इस बार एशिया कप की मेजबानी श्रीलंका करने वाला था और ये टूर्नामेंट 27 अगस्त से 11 सितंबर तक प्रस्तावित था। लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार, अब SLC ने इसकी मेजबानी के लिए एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) को मना कर दिया है।
Recommended Video
ये भी पढ़ें- Sri Lanka Crisis: पेट्रोल के लिए 2 दिन तक लाइन में लगा रहा क्रिकेटर, 3 दिन में खत्म हुआ 10,000 रूपये का तेल

भारत में हो सकता है टूर्नामेंट
पिछले काफी समय से ये रिपोर्ट्स चल रही हैं कि अगर श्रीलंका एशिया कप की मेजबानी से मना कर देता है, तो टूर्नामेंट को यूएई में शिफ्ट किया जा सकता है। लेकिन अब एशिया कप की मेजबानी के लिए भारत का ऑप्शन भी सामने आया है। इसकी जानकारी खुद एसीसी के अधिकारी ने अपने बयान में दी है। मेजबानी पर जल्द ही फैसला होने वाला है। अगर भारत को टूर्नामेंट की मेजबानी मिलती है तो भारतीय सरजमीं पर टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच महा-मुकाबला देखने को मिल सकता है।

सामने आया ACC का बयान
एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के एक अधिकारी ने PTI को दिए अपने बयान में कहा, ‘'श्रीलंकन क्रिकेट ने स्पष्ट कर दिया है कि उनके देश में राजनीतिक और आर्थिक हालात ठीक नहीं हैं। ऐसे में 6 टीमों वाला बड़ा टूर्नामेंट कराया जाना संभव नहीं हो पाएगा।''
अधिकारी ने आगे कहा, ‘'UAE एशिया कप कराए जाने के लिए आखिरी ऑप्शन नहीं है। लिस्ट में और भी देश हैं। भारत में भी टूर्नामेंट का आयोजन कराया जा सकता है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को सबसे पहले यूएई क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों से भी फाइनल मंजूरी लेनी होगी। तब टूर्नामेंट वहां हो सकेगा।''

6 टीमों के बीच खेला जाएगा टूर्नामेंट
एशिया कप 6 टीमों के बीच खेला जाएगा। इनमें श्रीलंका, भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान की टीमें इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। जबकि छठी टीम क्वालीफायर राउंड से आएगी। क्वालीफायर टूर्नामेंट यूएई और कुवैत के बीच खेला जाएगा।
जानकारी के लिए बता दें कि यह टूर्नामेंट पिछले साल खेला जाना था, लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इसे एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया था।

भारत ने 7 बार जीता एशिया कप
एशिया कप में टीम इंडिया का रिकॉर्ड बहुत ही शानदार रहा है। टीम ने अभी तक कुल 13 बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया और सात बार खिताब अपने नाम करने में सफल रही। आखिरी बार ये टूर्नामेंट 2018 में खेला गया था, जहां फाइनल मैच में भारत ने बांग्लादेश को 3 विकेट से हराकर रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब अपने नाम किया था। 2016 के एशिया कप के फाइनल में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 8 विकेट से धूल चटाई थे। उस समय टीम के कप्तान विराट कोहली थे।

इस बार भी जीत पक्की
टी20 फॉर्मेट में एशिया कप दो बार खेला गया और दोनों बार भारत ने खिताबी जीत दर्ज की। इस बार भी यह टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आगामी टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए टी20 फॉर्मेट में खेला जाने वाला है। ऐसे में रोहित एंड कंपनी को अभी से जीत का फेवरेट माना जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications