Sri Lanka Crisis: पेट्रोल के लिए 2 दिन तक लाइन में लगा रहा क्रिकेटर, 3 दिन में खत्म हुआ 10,000 रूपये का तेल
श्रीलंका में आर्थिक संकट के कारण आम नागरिकों के अलावा यहां के खिलाड़ियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
श्रीलंका, 16 जुलाई: श्रीलंका में आर्थिक संकट के कारण आम नागरिकों के अलावा यहां के खिलाड़ियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सियासी संकट के बीच श्रीलंका में तेल के लिए मारामारी का आलम है। महंगाई की मार से गुजरते श्रीलंकाई लोगों को पेट्रोल भराने के लिए कई-कई दिनों तक लाइन में लगना पड़ रहा है। श्रीलंका के स्टार क्रिकेटर चमिका करुणारत्ने (Chamika Karunaratne) भी देश में चल रही पेट्रोल की किल्लत से बहुत परेशान है। गाड़ी में पेट्रोल नहीं होने के कारण वह प्रैक्टिस पर भी नहीं जा पा रहे हैं।
Recommended Video
ये भी पढ़ें: राजनीतिक संकट के बीच श्रीलंका क्रिकेट का बड़ा दावा, Asia Cup की मेजबानी को लेकर कही ये बात

दो दिन तक लाइन में लगे रहे चमिका
चमिका करुणारत्ने ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि गाड़ी में पेट्रोल भराने के लिए उनको दो दिन तक लाइन में लगने पड़ा। करुणारत्ने के मुताबिक, ‘'हमें कोलंबो और अलग-अलग जगहों पर प्रैक्टिस के लिए जाना है, क्योंकि क्लब क्रिकेट सीजन चल रहा है। पर मैं पिछले 2 दिनों से पेट्रोल के लिए लाइन में खड़ा हूं। तेल भरवाने के लिए मुझे भी काफी इंतजार करना पड़ा। हम लोग बड़ी समस्या में हैं। मैं पिछले 2 दिनों से तेल भरवाने के लिए लाइन में लगा हूं। मैंने 10,000 रुपये में तेल भराया, जो सिर्फ 2-3 दिन तक चलेगा।''

प्रैक्टिस पर जाना हुए मुश्किल
आर्थिक बदहाली के बाद भी श्रीलंका में इंटरनेशनल क्रिकेट का आयोजन किया जा रहा है। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया की टीम श्रीलंका के दौरे पर गई थी और शनिवार से पाकिस्तान का श्रीलंका दौरा भी शुरू हो गया है। श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। हालांकि, देश के मौजूदा हालात देखकर चमिका काफी निराश और परेशान है।
उन्होंने अपने बयान में आगे कहा, ''एशिया कप आ रहा है और LPL (लंका प्रीमियर लीग) भी इस साल निर्धारित है। किस्मत से मुझे 2 दिन के इंतजार के बाद पेट्रोल मिला। देश में तेल खत्म हो चुका है। गाड़ी होने के बावजूद भी मैं प्रैक्टिस के लिए नहीं जा पा रहा हूं।''
#WATCH | Sri Lankan cricketer Chamika Karunaratne speaks to ANI; says, "We've to go for practices in Colombo&to different other places as club cricket season is on but I've been standing in queue for fuel for past 2 days. I got it filled for Rs 10,000 which will last 2-3 days..." pic.twitter.com/MkLyPQSNbZ
— ANI (@ANI) July 16, 2022

भारत को दिया धन्यवाद
श्रीलंकाई ऑलराउंडर ने भारत को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "भारत हमारा भाई जैसा देश है और वह हमारी बहुत मदद कर रहा है। मैं उनका बहुत धन्यवाद करता हूं। हमें समस्याएं हैं। जब हम संघर्ष कर रहे हैं तो वह हमारा सपोर्ट कर रहा है। उसके लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। हर चीज के लिए धन्यवाद। इससे हम और बेहतर होते जाएंगे।"

2019 में किया था डेब्यू
26 वर्षीय चमिका करुणारत्ने ने साल 2019 में श्रीलंका के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। अभी तक वह 1 टेस्ट, 19 वनडे और 25 टी20 खेल चुके हैं। एकमात्र टेस्ट मैच में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 रन बनाए थे और 1 विकेट लिया था। वहीं, 18 वनडे में उनके नाम पर 376 रन दर्ज है और उन्होंने 16 विकेट भी लिए हैं।
25 T20I मैचों में चमिका 110.42 के स्ट्राइक रेट से कुल 159 रन बना चुके हैं। इस फॉर्मेट में उन्होंने 11 विकेट चटकाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications