श्रीलंकाई क्रिकेट टीम में बड़ा फेरबदल, वेस्टइंडीज दौरे के लिए नए कप्तान की हुई घोषणा
Sri Lanka Team: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने वेस्टइंडीज के आगामी दौरे के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। इस बार सीमित ओवरों के प्रारूप में बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है। स्टार खिलाड़ी कुसल मेंडिस को वनडे और टी20 दोनों ही टीमों की कमान सौंप दी गई है। उन्होंने टीम में चरित असलंका और दासुन शनाका की जगह ली है।
चोट के कारण लंबे समय तक मैदान से दूर रहे जादुई स्पिनर वानिंदु हसरंगा की सीमित ओवरों की टीम में वापसी हो गई है। वह पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से टी20 विश्व कप और आईपीएल 2026 से बाहर हो गए थे। अब उनके आने से श्रीलंकाई टीम के स्पिन आक्रमण को काफी ज्यादा मजबूती मिलेगी।

युवा और तेज गेंदबाजों को मौका
शानदार फॉर्म में चल रहे युवा तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा कंधे की चोट से उबरकर राष्ट्रीय टीम में लौट आए हैं। आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले मलिंगा दोनों सफेद गेंद वाली टीमों का हिस्सा हैं। उनके अलावा अनुभवी तेज गेंदबाज दुश्मंथा चमीरा की भी वनडे टीम में वापसी हुई है।
टेस्ट टीम में नई ऊर्जा
टेस्ट टीम की बात करें तो कप्तानी की जिम्मेदारी धनंजय डी सिल्वा संभालेंगे, जबकि शानदार फॉर्म में चल रहे कामिंदु मेंडिस को तीनों फॉर्मेट का उपकप्तान बनाया गया है। रेड-बॉल टीम में निशांत मदुश्का और रमेश मेंडिस की वापसी हुई है, वहीं चोट के बाद तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा की वापसी से गेंदबाजी मजबूत हुई है।
टी20 टीम का नया चेहरा
टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में भी कई चौंकाने वाले नाम शामिल किए गए हैं। सलामी बल्लेबाज लसिथ क्रूसपुले की लंबे समय बाद टीम में वापसी हुई है। उन्होंने अपना आखिरी मैच साल 2023 में खेला था। उनके साथ ही तेज गेंदबाजी को धार देने के लिए बिनुरा फर्नांडो और नुवान तुषारा को भी शामिल किया गया है।
दौरे का पूरा शेड्यूल
श्रीलंकाई टीम इस बड़े बहु-प्रारूप दौरे के लिए मंगलवार, 26 मई को कैरेबियन देशों के लिए उड़ान भरेगी। दौरे की शुरुआत 3 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज से होगी। इसके बाद 12 जून से तीन टी20 मैच खेले जाएंगे। दौरे का समापन 25 जून से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से होगा।
श्रीलंका टेस्ट टीम
पाथुम निसांका, लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, दिनेश चांदीमल, पसिंदु सूरियाबंदारा, कमिंदु मेंडिस (उपकप्तान), सोनल दिनुषा, कुसल मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), मिलान रत्नायके, प्रभात जयसूर्या, रमेश मेंडिस, असिथा फर्नांडो, विश्वा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, इसिथा विजेसुंदरा, कसुन राजिता।
श्रीलंका वनडे टीम
पाथुम निसांका, कमिल मिशारा, पवन रत्नायके, कुसल मेंडिस (कप्तान), जनिथ लियानागे, चरिथ असलंका, कमिंदु मेंडिस (उपकप्तान), मिलान रत्नायके, वानिंदु हसरंगा, दुनिथ वेलालागे, महीश थीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा, असिथा फर्नांडो, प्रमोद मदुशन।
श्रीलंका टी20 टीम
पाथुम निसांका, कमिल मिशारा, लसित क्रूसपुले, पवन रत्नायके, कुसल मेंडिस (कप्तान), कमिंदु मेंडिस (उपकप्तान), दासुन शनाका, मिलान रत्नायके, दुनिथ वेलालागे, वानिंदु हसरंगा, महीश थीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा, बिनुरा फर्नांडो, नुवान तुषारा।












Click it and Unblock the Notifications