पाकिस्तान को लगा बड़ा झटका, श्रीलंका की टीम ने किया खेलने से इनकार, वापस अपने देश जाने का लिया फैसला
Sri Lanka Team: पाकिस्तान में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की पूर्ण बहाली की दिशा में चल रहे प्रयासों को एक बड़ा झटका लगा है। हाल ही में शुरू हुई श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच वनडे सीरीज़ उस समय अधर में लटक गई, जब आठ श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने अचानक सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए स्वदेश लौटने का फैसला किया। यह खबर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के लिए एक बड़ी चिंता का विषय है।
NDTV के अनुसार इन क्रिकेटरों ने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को दौरा रद्द करने का अनुरोध किया है, सुरक्षा कारणों से खेलने में परेशानी की बात कही है। प्लेयर्स के इस फैसले को देखते हुए अब दूसरे एकदिवसीय मैच पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं, मुकाबला गुरुवार को होना है।

पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, ताज़ा घटनाक्रम के चलते दूसरा वनडे मैच नहीं होगा। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि खिलाड़ियों ने घर लौटने की इच्छा व्यक्त की है क्योंकि इस्लामाबाद के करीब ही रावलपिंडी है। एक दिन पहले ही इस्लामाबाद में आत्मघाती बन विस्फोट हुआ है।
प्लेयर्स की वापसी की इच्छा को लेकर श्रीलंकन मीडिया में भी कई रिपोर्ट्स पब्लिश हुई हैं। प्लेयर्स ने खेलने से मना किया है लेकिन बोर्ड की तरफ से कोई फैसला फ़िलहाल नहीं लिया गया है। यह भी बताया जा रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड श्रीलंकाई टीम को मनाने का प्रयास कर रहा है।
मंगलवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित न्यायिक परिसर में एक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें 12 लोगों की जान चली गई और 27 लोग घायल हो गए। स्थानीय मीडिया ने इस हमले को आत्मघाती बताया है।
सोशल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान के इंटीरियर मिनिस्टर और पीसीबी हेड मोहसिन नकवी श्रीलंका क्रिकेट के अधिकारियों से बात कर रहे हैं। श्रीलंकाई दूतावास से भी बातचीत हुई है। पूरी सुरक्षा का आश्वासन देते हुए प्लेयर्स को मुकाबले में उतारने का अनुरोध किया जा रहा है।
इस घटना को 2009 के उस दुर्भाग्यपूर्ण हमले के संदर्भ में देखा जाना महत्वपूर्ण है, जब लाहौर में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम की बस पर आतंकवादियों ने हमला किया था। उस हमले में कई खिलाड़ी घायल हुए थे और आठ सुरक्षाकर्मी और नागरिक मारे गए थे।
इस घटना के बाद, पाकिस्तान में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पूरी तरह से बंद हो गया था और प्रमुख टीमों ने सुरक्षा कारणों से वहाँ का दौरा करने से इनकार कर दिया था। कुछ उसी तरह की स्थिति अब फिर से बनती दिख रही है।












Click it and Unblock the Notifications