टेस्ट क्रिकेट में सालों बाद हुआ बहुत बड़ा उलटफेर, श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को एक पारी और 39 रन से दी पटखनी
कोलंबो, जुलाई 11। ऑस्ट्रेलिया के हाथों पहला टेस्ट मैच गंवाने के बाद श्रीलंका ने दूसरे टेस्ट मैच में जबरदस्त वापसी करते हुए धमाकेदार जीत दर्ज कर ली है। दरअसल, सोमवार को गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन श्रीलंकाई गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी को 151 रनों पर समेट दिया। आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में जीत के लिए 191 रनों की जरूरत थी, लेकिन कंगारू टीम 151 पर ही ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ ही श्रीलंकाई टीम ने सीरीज को 1-1 से ड्रॉ कर दिया।

प्रभात जयसूर्या की खतरनाक गेंदबाजी
श्रीलंका की तरफ से स्पिन गेंदबाजी प्रभात जयसूर्या ने घातक गेंदबाजी करते हुए दूसरी पारी में भी 6 विकेट चटकाए। आपको बता दें कि उन्होंने पहली पारी में भी 6 विकेट लिए थे। ऐसे में अपने डेब्यू मुकाबले में ही उन्होंने 12 विकेट लेकर इतिहास रच दिया है। बाएं हाथ के जयसूर्या ने पहली पारी में 118 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं दूसरी पारी में उन्होंने 59 रन देकर 6 विकेट लिए। आपको बता दें कि जयसूर्या टेस्ट क्रिकेट में एक मैच के दौरान 12 विकेट लेने वाले दुनिया के पांचवें गेंदबाज बन गए हैं।

श्रीलंका ने पहली पारी में बनाए थे 554 रन
आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 364 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंकाई टीम ने 554 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इस पारी में श्रीलंका की ओर से दिनेश चांदीमल ने दोहरा शतक जड़ा था। उन्होंने 326 गेंदों का सामना करते हुए 16 चौके और 5 छक्कों की मदद से 206 रन की पारी खेली थी।

कंगारूओं की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखरी
इस विशाल स्कोर की बदौलत श्रीलंका को 191 रनों की बढ़त मिल गई थी। श्रीलंका की दूसरी पारी नहीं आई और ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाजी के लिए आई। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई। दूसरी पारी में कंगारुओं के लिए मार्नस लाबुशैन ने सबसे अधिक 32 रन बनाए। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम का दूसरी पारी में क्या हाल हुआ होगा। दूसरी पारी में वॉर्नर ने 24 और उस्मान ख्वाजा ने सिर्फ 29 रन बनाए। वहीं स्टीव स्मिथ बिना खाता खोले ही आउट हो गए।












Click it and Unblock the Notifications