'रुक जाना नहीं तू कहीं हार के', IPL नीलामी में अनसोल्ड रहे श्रीसंत ने गाया गाना
नई दिल्ली। आईपीएल 2022 मेगा नीलामी 12 और 13 फरवरी को बैंगलोर में आयोजित की गई थी, जहां 10 फ्रेंचाइजियों ने अपनी टीम को मजबूत करने के लिए कई खिलाड़ियों के लिए बोली लगाई। हालांकि, सुरेश रैना जैसे कई दिग्गज खिलाड़ियों को बोली नहीं लगी, लेकिन ईशान किशन जैसे कई खिलाड़ियों को बड़ी बोली मिली। वहीं भारत के तेज गेंदबाज एस श्रीसंत को भी नीलामी में किसी भी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा। इसके बाद श्रीसंत ने ट्वीट कर एक हिंदी गाना गाकर अनसोल्ड रहने पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
यह भी पढ़ें- सामने आया CSK का बयान, इस कारण नीलामी में रैना को नहीं खरीद पाए

मायूस होकर गाया गाना
श्रीसंत ने नीलामी में ना बिकने के बाद भावुक होकर एक गाना गया, जिसमें वह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि वह कड़ी मेहनत करना जारी रखेंगे। उन्होंने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है। श्रीसंत मायूस चेहरा लेकर हिंदी गाना 'रुक जाना नहीं तू कहीं हर के' गाते नजर आ रहे हैं। श्रीसंत इस गाने के जरिए यह बताने की कोशिश कर रहे हैं कि उन्होंने हार नहीं मानी। वह मेहनत करना जारी रखेंगे। उन्होंने जो वीडियो शेयर किया उसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, "बहुत बहुत धन्यवाद और हमेशा इसके लिए तत्पर रहो, आप सभी को प्यार और सम्मान, ओम नमः शिवाय।"

50 लाख था बेस प्राइस
श्रीसंत को भरोसा था कि उन्हें बोली मिल सकती है। उन्होंने अपना बेस प्राइस 50 लाख रुपए रखा था। हैरानी वाली बात यह रही कि नीलामी के दौरान उनके नाम का जिक्र तक नहीं किया गया था। उन्हें शाॅर्टलिस्ट खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया था। श्रीसंत को स्पॉट फिक्सिंग में आरोपी पाए जाने के लिए बीसीसीआई ने सात साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया था। इसके बाद इस तेज गेंदबाज ने आईपीएल 2022 की मेगा ऑक्शन में हिस्सा लेने के लिए अपना नाम दिया था।
अब यहां खेलते नजर आएंगे
साल 2013 के बाद से श्रीसंत कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेल पाए हैं। ना ही कोई आईपीएल मैच, लेकिन उन्होंने घरेलू क्रिकेट में वापसी कर ली है। श्रीसंत पिछले साल केरल के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में नजर आए थे, जहां उन्होंने 6 पारियों में 24.38 के औसत से कुल 13 विकेट चटकाए थे। श्रीसंत अब रणजी ट्राॅफी में खेलते हुए नजर आएंगे। श्रीसंत को फर्स्ट क्लास क्रिकेट में केरल ने अपनी रणजी ट्रॉफी की 24 सदस्यीय टीम में जगह दी गई है। वह 9 साल के इंतजार के बाद क्रिकेट के इस फॉर्मेट में वापसी कर सकते हैं। वहीं इनके आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने 44 मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 44 विकेट दर्ज हैं। श्रीसंत किंग्स इंलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स), कोच्चि टस्कर्स केरल और राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी की ओर से खेल चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications